अंतरराष्ट्रीय

डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को पद से हटाया
03-Apr-2026 8:46 AM
डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को पद से हटाया

-एना फ़ेगी और बर्न्ड डिबशमैन जूनियर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को उनके पद से हटा दिया है. बॉन्डी लंबे समय से ट्रंप की सहयोगी और उनके प्रशासन की मज़बूत समर्थक रही हैं.

अमेरिका में अटॉर्नी जनरल देश का शीर्ष क़ानून प्रवर्तन अधिकारी होता है.

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में पैम बॉन्डी की तारीफ़ की और कहा कि वह प्राइवेट सेक्टर में एक नई भूमिका में नज़र आएंगी.

न्याय विभाग में बॉन्डी के कार्यकाल के दौरान अक्सर जेफ़री एप्सटीन से जुड़ी फ़ाइलों को जारी करने और यौन अपराधी एपस्टीन की जांच को लेकर विवाद हावी रहा.

हाल के हफ़्तों में ट्रंप प्रशासन की वह दूसरी अधिकारी हैं जिन्हें पद से हटाया गया है. इससे पहले मार्च में क्रिस्टी नोएम को होमलैंड सिक्योरिटी प्रमुख के पद से हटा दिया गया था. बॉन्डी के पूर्व डिप्टी टॉड ब्लैंच उनकी जगह लेंगे.

बॉन्डी ने कहा कि वह अपना काम ब्लैंच को सौंपने के लिए "लगातार काम करेंगी". उन्होंने कहा कि यह पद उनके जीवन का "सम्मान" रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि प्राइवेट सेक्टर में अपनी नई भूमिका में भी वह "राष्ट्रपति ट्रंप और इस प्रशासन के लिए लड़ाई जारी रखेंगी". हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि प्राइवेट सेक्टर में उनकी नई भूमिका क्या होगी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट