अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अमेरिका आने वाले हफ़्तों में ईरान पर 'बड़ा हमला' करेगा और उसे 'पाषाण युग' में पहुंचा देगा.
इस धमकी पर अमेरिका के कुछ सांसदों ने ट्रंप की कड़ी आलोचना की, जबकि कुछ नेताओं ने इसका समर्थन किया.
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक्स पर लिखा, "वापस पाषाण युग में."
वहीं, एरिज़ोना से डेमोक्रेट सांसद यासमिन अंसारी ने कहा, "वह 9 करोड़ की आबादी वाले देश की बात कर रहे हैं. यह घिनौना, भयावह और बुरा है."
मैरीलैंड के सीनेटर क्रिस वैन होलेन ने भी भाषण की आलोचना की. इसके साथ ही उन्होंने ट्रंप को 'अमेरिका और दुनिया के लिए ख़तरा' बताया.
डेमोक्रेट नेता वैन होलेन ने कहा, "ट्रंप ने हमेशा की तरह हमसे झूठ बोला. दो हफ़्ते पहले उन्होंने कहा था 'हम जीत गए.' अगर ऐसा है, तो हम अब भी वहां क्यों हैं? आगे क्या होगा? हम ट्रंप से सिर्फ़ अधिक झूठ की ही उम्मीद कर सकते हैं."
उन्होंने कहा, "भ्रम में रहने वाला यह आदमी हमारे देश और दुनिया के लिए ख़तरा है."
वहीं लुइज़ियाना से रिपब्लिकन सांसद स्टीव स्कैलीज़ ने भाषण की तारीफ की.
स्कैलीज़ ने कहा, "आज रात राष्ट्रपति ट्रंप ने ऑपरेशन एपिक फ़्यूरी के लिए देश के सामने बेहद ठोस तर्क रखा. ईरानी शासन का आतंक और अमेरिकियों की हत्या का लंबा इतिहास दिखाता है कि उन्हें परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना क्यों ज़रूरी था." (bbc.com/hindi)


