अंतरराष्ट्रीय
जापान के तटरक्षक बल ने मंगलवार को एक चीनी सर्वेक्षण जहाज को विवादित सेनकाकू द्वीपसमूह के पास शोध गतिविधियां रोकने का आदेश दिया. जापान का कहना है कि चीनी पोत जियांग यांग हॉन्ग 22 बिना अनुमति उसके विशेष आर्थिक क्षेत्र में प्रवेश कर वैज्ञानिक शोध कर रहा था. यह जहाज सोमवार दोपहर से जापानी विशेष आर्थिक क्षेत्र में में देखा गया, जहां से इसे पाइप और वायर जैसी वस्तुएं समुद्र में छोड़ते हुए रिकॉर्ड किया गया.
सेनकाकू द्वीपसमूह, जिन्हें चीन दियाओयू कहता है, टोक्यो के प्रशासन में हैं, लेकिन बीजिंग उन पर अपना दावा जताता है. इन द्वीपों को लेकर दशकों से दोनों देशों के बीच तनाव मौजूद है, और हाल के महीनों में यह तनाव तब बढ़ा जब नवंबर में जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने ताइवान से जुड़े सैन्य हस्तक्षेप की संभावनाओं पर बयान दिया, जिसे चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया के साथ खारिज किया था.
बीजिंग ने ताकाइची के बयान के बाद जापानी कंपनियों पर व्यापारिक सख्ती बढ़ाई और अपने नागरिकों को जापान यात्रा से सतर्क रहने की सलाह दी. इस बीच, दोनों देशों के तटरक्षक बलों के जहाज नियमित रूप से इन विवादित जल क्षेत्रों में आमने-सामने आते रहते हैं, जहां चीनी शोध पोतों और अन्य जहाजों की आवाजाही समय‑समय पर तनाव को और बढ़ा देती है. (dw.com/hi)


