अंतरराष्ट्रीय

ईरान युद्ध के कारण सोने की कीमत क्यों गोते खा रही है
26-Mar-2026 12:14 PM
ईरान युद्ध के कारण सोने की कीमत क्यों गोते खा रही है

ईरान युद्ध के कारण जहां तेल-गैस महंगा हो गया है, वहीं सोना लुढ़क रहा है. रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद 2026 में आई सारी तेजी तकरीबन ढुलक गई है. युद्ध के कारण पैदा हुई आर्थिक अनिश्चितता को इसकी वजह माना जा रहा है. 

पश्चिम एशिया में कायम हालात को देखते हुए निवेशकों ने नकद पाने के लिए तेजी से अपने एसेट्स बेच दिए. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि ईरान युद्ध के कारण हवा के रास्ते दुबई पहुंचने और वहां से बाहर जाने वाले सोने और चांदी की आवाजाही पर असर पड़ा है.

दुबई सोने और चांदी का बड़ा केंद्र है. दुनिया में इनके फ्लो का करीब 20 फीसदी हिस्सा दुबई के पास है, खासकर भारत जाने वाला गोल्ड और सिल्वर. पिछले साल सोने की निजी मांग में भी मध्य-पूर्वी क्षेत्र की हिस्सेदारी तकरीबन 10 प्रतिशत थी. 

सोना करीब 4,550 डॉलर प्रति आउंस पर ट्रेड कर रहा है, जबकि इसी साल यह 5,500 डॉलर से ऊपर तक पहुंच गया था. विशेषज्ञों के मुताबिक, युद्ध के कारण एनर्जी की कीमतें बढ़ने से महंगाई बढ़ने की आशंका है. ऐसे में निवेश के तौर पर कीमती धातु का आकर्षण कम हो सकता है. जैसा कि विश्लेषक रुस मोल्ड ने एएफपी से बातचीत में कहा, "ऐसे माहौल में सोना कम आकर्षक बन जाता है, जहां नकद तेजी से ज्यादा रिटर्न दे सकता हो."  (dw.com/hi)
 


अन्य पोस्ट