अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने ईरान के राष्ट्रपति से जंग के बीच क्या कहा?
24-Mar-2026 9:16 AM
पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने ईरान के राष्ट्रपति से जंग के बीच क्या कहा?

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने मध्य पूर्व में तनावपूर्ण हालातों के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन से बात की है.

शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पोस्ट में लिखा, "मैंने अपने भाई राष्ट्रपति डॉक्टर मसूद पेज़ेश्कियन से बात की और उन्हें ईद-उल-फ़ितर और नवरोज़ की शुभकामनाएं दीं."

उन्होंने लिखा, "एक पड़ोसी और भाईचारे वाले देश के तौर पर, मैंने पाकिस्तान की तरफ़ से बहादुर ईरानी लोगों के साथ खड़े होने की बात कही. मैंने क़ीमती जानों के जाने पर गहरी संवेदना जताई और घायल व बेघर हुए लोगों के जल्दी ठीक होने की दुआ की."

"हमने खाड़ी क्षेत्र की गंभीर स्थिति पर चर्चा की और इस बात पर सहमति जताई कि तनाव कम करने, बातचीत करने और समझदारी से हल निकालने की तुरंत ज़रूरत है."

शहबाज़ शरीफ़ ने लिखा, "मैंने यह भी कहा कि मुस्लिम समुदाय में एकता बहुत ज़रूरी है और पाकिस्तान शांति को आगे बढ़ाने में मददगार भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है."

गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा कर चुके हैं कि 'अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत' हो रही है.

दूसरी ओर, बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की उस बात को नकारते हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत चल रही है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट