अंतरराष्ट्रीय

कुवैत और बहरीन ने जारी की हमले की चेतावनी, लोगों को दिए निर्देश
24-Mar-2026 8:43 AM
कुवैत और बहरीन ने जारी की हमले की चेतावनी, लोगों को दिए निर्देश

मध्य पूर्व में जारी जंग के बीच खाड़ी के कई देशों से लगातार हमले की सूचना आ रही है.

बहरीन के गृह मंत्रालय ने हमलों को लेकर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है.

गृह मंत्रालय ने कुछ देर पहले एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “सायरन सक्रिय कर दिए गए हैं. लोगों से अनुरोध है कि वे शांत रहें और क़रीबी सुरक्षित स्थान पर चले जाएं.”

गृह मंत्रालय ने कहा है कि सभी लोग आधिकारिक माध्यमों से दी जाने वाली सूचना का पालन करें.

इसके साथ ही कुवैत की सेना ने सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक एक्स पर पोस्ट में देश पर कई बार मिसाइल और ड्रोन हमलों की जानकारी दी है.

सेना ने एक एक्स पोस्ट के ज़रिए कुछ ही देर पहले जानकारी दी है, "कुवैती एयर डिफेंस अभी दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं."

"आर्मी के जनरल स्टाफ ने बताया है कि अगर धमाके की आवाज़ें सुनाई देती हैं, तो वे एयर डिफेंस सिस्टम के दुश्मन के हमलों को रोकने का नतीजा हैं."

सेना ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे संबंधित अधिकारियों की तरफ से सुरक्षा के लिए जारी निर्देशों का पालन करें.

कुवैत ने यह भी बताया है कि मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के बाद उनका मलबा गिरने से इलेक्ट्रिक ग्रिड को नुक़सान हुआ है और इससे बिजली की सप्लाई बाधित हुई है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट