अंतरराष्ट्रीय
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से एक भारतीय नागरिक के घायल होने की पुष्टि हुई है.
अबू धाबी की सरकारी मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यह घटना एयर डिफ़ेंस सिस्टम से एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के बाद हुई. इस घटना में एक भारतीय नागरिक को मामूली चोट आई है.
अधिकारियों ने कहा है कि आम जनता को केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लेनी चाहिए और अफवाह या बिना पुष्टि वाली जानकारी से बचना चाहिए और न ही ऐसी जानकारी दूसरों के साथ साझा करनी चाहिए.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से एक भारतीय नागरिक के घायल होने की ख़बर दी है.
पीटीआई के मुताबिक़, "अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को अबू धाबी में एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के बाद, अल-शवामेख इलाक़े में उसके टुकड़े गिरने से एक भारतीय नागरिक को मामूली चोट आई है."
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने थोड़ी देर पहले कहा था कि देश के एयर डिफ़ेंस सिस्टम ईरानी मिसाइल और ड्रोन के ख़तरों को रोकने में लगे हैं.
रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि जो आवाज़ें सुनाई दे रही हैं वे मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने की वजह से हैं. (bbc.com/hindi)


