अंतरराष्ट्रीय

ईरान युद्ध ख़त्म करने को लेकर अब क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप?
14-Mar-2026 8:45 AM
ईरान युद्ध ख़त्म करने को लेकर अब क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एयर फ़ोर्स वन में सवार होने से पहले पत्रकारों से बातचीत की.

जब उनसे पूछा गया कि यह युद्ध कितने समय तक चलेगा, तो उन्होंने कहा, "मैं आपको यह नहीं बता सकता."

उन्होंने कहा, "मेरे पास अपना एक अंदाज़ा है, लेकिन उससे क्या फ़ायदा? यह उतने समय तक चलेगा जितना ज़रूरी होगा. उन्हें (ईरान को) बुरी तरह तबाह कर दिया गया है."

इससे पहले ट्रंप कह चुके हैं कि युद्ध तब ख़त्म होगा जब ईरान बिना शर्त आत्मसमर्पण करेगा.

जब उनसे पूछा गया कि इसका मतलब क्या है, तो उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि ईरान की नौसेना, वायुसेना और उसकी ज़्यादातर सैन्य क्षमता अब लगभग ख़त्म हो चुकी है.

उन्होंने कहा, "इसका सीधा मतलब है कि हम ऐसी स्थिति में हैं जैसी पहले कभी नहीं देखी गई."

पत्रकारों ने उनसे यह भी पूछा कि 'ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध को लेकर उनके लक्ष्य और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के लक्ष्य क्या एक जैसे हैं?'

इस पर ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि वे थोड़े अलग हो सकते हैं. लेकिन वह (नेतन्याहू) भी आपको बताएंगे कि दुनिया ने अमेरिका जैसी ताक़त कभी नहीं देखी."(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट