अंतरराष्ट्रीय
इसराइल के ईरान में नए हमलों की घोषणा के बाद शुक्रवार सुबह तेहरान सहित कई इलाकों में हमले हुए हैं. स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी दी है.
बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक यह हमले शुक्रवार सुबह पांच बजे तक जारी रहे. हमले के बाद अराक इलाके से हमले की कई तस्वीरें सामने आई हैं.
करज इलाके में भी हमले की ख़बरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं.
तेहरान के लोगों ने बताया है कि हमलों की तीव्रता इतनी ज़्यादा थी कि धमाके की कंपन को घटनास्थल से काफी दूर तक महसूस किया गया.
रिवोल्यूशनरी गार्ड की करीबी न्यूज़ एजेंसी तसनीम ने दक्षिणी तेहरान में धमाकों की जानकारी दी है.
एतमाद न्यूज़ पेपर ने उन इलाकों की सूची जारी की है, जहां पर शुक्रवार सुबह हमले हुए हैं.
न्यूज़ पेपर के मुताबिक इन जगहों में पूंक, मरज़दारन, इस्लाम शहर, शहर रे, लवासान, परदिस, ज़फ़रानीह, दौलत, सुहरावर्दी, नाज़ी आबाद और तेहरान पार्स के इलाके शामिल हैं. (bbc.com/hindi)


