अंतरराष्ट्रीय
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने कहा है कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच उनका देश गुटनिरपेक्ष नीति पर कायम रहेगा और सभी पक्षों से शांति की दिशा में ठोस क़दम उठाने की अपील की है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखे एक संदेश में दिसानायके ने कहा, “युद्धों में किसी भी नागरिक की मौत नहीं होनी चाहिए. हर इंसान का जीवन हमारे अपने जीवन जितना ही क़ीमती है.”
उन्होंने कहा कि दुनिया को इस समय सबसे ज़्यादा शांति की ज़रूरत है, क्योंकि वैश्विक आर्थिक संकट का ख़तरा बढ़ रहा है और कई देश गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. उन्होंने सभी पक्षों से संघर्ष ख़त्म करने की अपील की है.
बुधवार को अमेरिका ने हिंद महासागर में ईरान का एक युद्धपोत टॉरपीडो से हमला करके डुबो दिया है.
श्रीलंकाई नौसेना ने बताया था कि 'आईआरआईएस डेना' हिंद महासागर में डूब गया है, जिसमें सवार कुल 180 में से लगभग 140 लोग लापता हैं.
देश के रक्षा मंत्रालय के सचिव एयर वाइस मार्शल सम्पथ थुइयाकोंठा ने बीबीसी सिंहला को बताया कि हिंद महासागर में डूबे ईरानी जहाज़ पर सवार 80 लोगों के शव मिल गए हैं.(bbc.com/hindi)


