अंतरराष्ट्रीय
सऊदी अरब ने कहा है कि वह अपनी और अपने निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाएगा.
सऊदी प्रेस एजेंसी ने सऊदी कैबिनेट के हवाले से एक बयान में कहा कि ईरान की ओर से संभावित हमलों का जवाब देने के लिए सऊदी अरब अपने सहयोगी देशों के साथ खड़ा है और ज़रूरत पड़ने पर उनकी मदद के लिए अपनी सभी क्षमताएं इस्तेमाल करने के लिए तैयार है.
यह बयान ऐसे समय में आया है जब सोमवार को एक ड्रोन हमले में सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अमेरिकी दूतावास स्थित सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (सीआईए) के एक स्टेशन को कथित तौर पर निशाना बनाया गया.
न्यूज़ एजेंसी रॉटर्स के मुताबिक़, अमेरिका और सऊदी अरब दोनों ने पुष्टि की है कि दो ड्रोन दूतावास परिसर से टकराए. हालांकि यह साफ़ नहीं है कि निशाना सीआईए था या नहीं.
द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़, हमले में दूतावास की छत का एक हिस्सा ढह गया और अंदर धुआं भर गया, जिससे परिसर प्रभावित हुआ.
दूतावास के कर्मचारियों को फिलहाल सुरक्षित जगहों पर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं. (bbc.com/hindi)


