अंतरराष्ट्रीय
-केली हेज़ और लिली जमाली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह सभी संघीय एजेंसियों को तुरंत एआई डेवलपर एंथ्रोपिक की तकनीक का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश देंगे.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "हमें इनकी ज़रूरत नहीं है, हम इनके साथ काम नहीं करना चाहते और हम इनके साथ फिर से काम नहीं करेंगे."
एंथ्रोपिक का व्हाइट हाउस के साथ विवाद चल रहा है. कंपनी ने अमेरिकी सेना को अपने एआई टूल्स तक बिना किसी रोक-टोक के पहुंच देने की मांग को मानने से इनकार कर दिया था.
इसके बाद अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि उन्होंने एंथ्रोपिक को "सप्लाई चेन के लिए जोखिम" माना है.
यह दर्जा मिलने पर एंथ्रोपिक ऐसी पहली अमेरिकी कंपनी बन जाएगी, जिसे सार्वजनिक रूप से इस तरह का लेबल दिया जाएगा.
कंपनी ने शुक्रवार रात कहा कि वह "किसी भी 'सप्लाई चेन रिस्क' के दर्जे को अदालत में चुनौती देगी." (bbc.com/hindi)


