अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान का दावा, अफ़ग़ान तालिबान की 27 सैन्य चौकियां तबाह, नौ पर क़ब्ज़ा
27-Feb-2026 8:45 AM
पाकिस्तान का दावा, अफ़ग़ान तालिबान की 27 सैन्य चौकियां तबाह, नौ पर क़ब्ज़ा

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के प्रवक्ता मुशर्रफ़ ज़ैदी ने एक बयान जारी कर कहा है कि पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ान तालिबान की 27 सैन्य चौकियां नष्ट की हैं और नौ पर क़ब्ज़ा कर लिया गया है.

उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ान तालिबान के 80 से ज़्यादा टैंक, तोपें और बख़्तरबंद वाहन भी नष्ट किए हैं.

मुशर्रफ़ ज़ैदी ने शुक्रवार तड़के 03:45 बजे तक का अपडेट दिया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "आक्रामकता के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की तत्काल और प्रभावी प्रतिक्रिया जारी है."

मुशर्रफ़ ज़ैदी ने यह भी कहा कि अब तक अफ़ग़ान तालिबान के 133 सदस्यों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और 200 से अधिक घायल हैं.

वहीं, तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने गुरुवार रात 19 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों और दो ठिकानों पर क़ब्ज़ा कर लिया. मंत्रालय के अनुसार, कुल 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं.

इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना मुश्किल है. हालिया झड़पों के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे को भारी नुक़सान पहुंचाने का दावा कर रहे हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट