अंतरराष्ट्रीय

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद कहा, 'वापसी कर रहा है हमारा देश'
25-Feb-2026 9:19 AM
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद कहा, 'वापसी कर रहा है हमारा देश'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश 'फिर से वापसी कर रहा' है. उन्होंने अपने आर्थिक एजेंडे की भी जमकर तारीफ़ की है.

इसके अलावा ट्रंप ने अमेरिका की सीमाओं को 'सबसे मज़बूत और सुरक्षित' कहा है. उन्होंने ये बातें अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस में अपने वार्षिक संबोधन 'स्टेट ऑफ़ द यूनियन' के दौरान कही.

इमिग्रेशन ट्रंप के चुनाव अभियान का अहम मुद्दा था. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उनके प्रशासन ने अवैध आव्रजन और सीमा पार से आने वाले फेंटानिल को रोकने में प्रगति की है.

ट्रंप ने कहा, "चार साल तक लाखों अवैध प्रवासी हमारी सीमाओं से बिना रोक-टोक और बिना जांच के दाखिल हुए, अब हमारे पास अमेरिकी इतिहास की सबसे मजबूत और सबसे सुरक्षित सीमा है."

ट्रंप ने दावा किया, "सीमा के पार से आने वाले घातक फेंटानिल की तस्करी में एक साल में रिकॉर्ड 56 प्रतिशत की कमी आई है."

इसके अलावा ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में महंगाई पिछले पांच सालों में सबसे निचले स्तर पर है.

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर यह आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में "अमेरिका के इतिहास की सबसे ज़्यादा महंगाई रही." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट