अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान: महिला डॉक्टर ने पुरुषों को बाहर बैठने के लिए कहा तो हो गई हत्या
24-Feb-2026 9:41 AM
पाकिस्तान: महिला डॉक्टर ने पुरुषों को बाहर बैठने के लिए कहा तो हो गई हत्या

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में एक महिला डॉक्टर की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी. शुरुआती रिपोर्टों यह वजह बताई जा रही है कि डॉक्टर ने महिला मरीज़ों के साथ आए पुरुषों से बाहर बैठने को कहा.

ज़िला मुख्यालय अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ ताहिर ने बीबीसी उर्दू को बताया कि रविवार को इफ़्तार का समय था, महिला डॉक्टर रोज़ा खोलकर नमाज़ पढ़ रही थीं. तभी दो महिलाएं और दो पुरुष इमरजेंसी में आए.

डॉक्टर ने पुरुषों से बाहर बैठने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और बहस शुरू हो गई. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पुरुषों को बाहर बैठा दिया. जांच पूरी होने के बाद डॉक्टर ने पुलिस से कहा कि उन्हें जाने दें और वे चले गए.

उन्होंने बताया, "लेकिन रात 8 बजे जब महिला डॉक्टर ड्यूटी ख़त्म कर घर जा रही थीं, तो वही दो पुरुष और एक तीसरा शख़्स अस्पताल के बाहर मौजूद थे. सीसीटीवी फ़ुटेज में दिखा कि डॉक्टर रिक्शा में बैठकर निकलीं और वे लोग पीछे-पीछे गए. आगे की फ़ुटेज अस्पताल के सीसीटीवी में नहीं है. बताया गया कि अस्पताल से 200 से 300 मीटर दूर महिला डॉक्टर पर गोली चलाई गई, जिससे उनकी मौत हो गई."

कोहाट ज़िला पुलिस अधिकारी शाहबाज़ इलाही ने कहा कि एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू हो गई है. उनके अनुसार अभियुक्तों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट