अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 14 मज़दूरों का अज्ञात हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया है. मज़दूरों का अपहरण दो अलग-अलग इलाक़ों से हुआ हुआ है. ये मज़दूर कंस्ट्रक्शन कंपनियों के लिए काम करते थे.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पहली घटना बारख़ान ज़िले के ऐशानी इलाक़े के पास धोला नदी में हुई. यहां हथियारबंद लोगों ने जबरन एक क्रशिंग प्लांट पर काम कर रहे तीन मज़दूरों को अग़वा कर लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, अग़वा किए गए मज़दूर मुसाख़ेल ज़िले के रहने वाले हैं.
इसी इलाक़े में एक पुलिस चौकी पर भी हमले की ख़बर है, जहां तीन पुलिसकर्मियों से हथियार छीन लिए गए. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.
दूसरी घटना ख़ुज़दार ज़िले के मुल्ला इलाक़े में हुई, जहां से 11 मज़दूरों को अग़वा कर लिया गया. ख़ुज़दार पुलिस अधिकारी यूसुफ़ बलोच के अनुसार, घटना के पीछे की वजह अभी साफ़ नहीं है, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अग़वा किए गए मज़दूरों में से छह सिंध के रहने वाले हैं और वे वर्ल्ड बैंक परियोजना के तहत नालियों को पक्का करने का काम कर रहे थे.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक़, अपहरण के बाद हथियारबंद लोग मुल्ला टाउन भी गए और वहां पुलिस स्टेशन से हथियार लेने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए. (bbc.com/hindi)


