अंतरराष्ट्रीय

ओबामा ने ट्रंप के शेयर किए गए नस्लभेदी वीडियो पर की टिप्पणी
16-Feb-2026 8:56 AM
ओबामा ने ट्रंप के शेयर किए गए नस्लभेदी वीडियो पर की टिप्पणी

-मैक्स मात्ज़ा

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शेयर किए हुए उस नस्लभेदी वीडियो पर बयान दिया है, जिसमें उन्हें वानर जैसा दिखाया गया था.

एक पॉडकास्ट में ओबामा ने कहा है कि जो "शर्म" और "तमीज़" कभी सरकारी अधिकारियों को गाइड करती थी, वह अब ख़त्म हो गई है.

इस आपत्तिजनक वीडियो में एक क्लिप थी जिसमें ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल को वानर जैसा दिखाया गया था, जिसकी डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों ने आलोचना की थी.

व्हाइट हाउस ने शुरू में इस वीडियो का बचाव करते हुए इसे "नक़ली गुस्सा" बताया था.

बाद में इस पोस्ट के लिए एक स्टाफ मेंबर को दोषी ठहराया गया और उसे डिलीट कर दिया गया.

ओबामा ने लिबरल पॉडकास्टर ब्रायन टायलर कोहेन से बातचीत में यह टिप्पणी की है.

यह क्लिप 'द लायन स्लीप्स टुनाइट' गीत पर तैयार की गई थी और इसे ट्रंप के ट्रुथ सोशल अकाउंट पर शेयर किए गए एक वीडियो के आखिर में शामिल की गई थी.

इसमें साल 2020 के चुनाव में वोटर फ्रॉड के बारे में बेबुनियाद दावे थे.

इस पोस्ट से नेताओं में गुस्सा फैल गया, जिसमें ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के कई सीनियर मेंबर भी शामिल थे.

यह क्लिप उन नस्लभेदी कार्टून की याद दिलाती है जिनमें काले लोगों की तुलना वानरों से की गई थी, और ऐसा लगता है कि इसे अक्तूबर महीने में कंज़र्वेटिव मीम क्रिएटर ज़ेरियास के शेयर किए गए एक्स पोस्ट से लिया गया है.

ट्रंप ने रिपोर्टर्स को बताया कि उन्होंने वीडियो का वह हिस्सा "नहीं देखा" जिसमें बराक ओबामा दिख रहे थे.

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह माफ़ी मांगने का प्लान बना रहे हैं, तो उन्होंने कहा, "मैंने कोई ग़लती नहीं की है."

बराक ओबामा ने इस पॉडकास्ट में कहा कि अमेरिका में घूमते हुए वो ऐसे लोगों से मिलते हैं जो "अभी भी शालीनता, तहज़ीब, दया में यकीन रखते हैं."

हालांकि बराक ओबामा ने अपने जवाब में ट्रंप का नाम नहीं लिया. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट