अंतरराष्ट्रीय
-मुहम्मद काज़िम
पाकिस्तान के बलूचिस्तान के खुजदार ज़िले में अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में एक हिंदू व्यापारी सहित तीन लोग मारे गए और दो अन्य घायल हो गए.
खुजदार पुलिस अधिकारी वहाब बलूच ने बताया कि इन लोगों पर खुजदार के नाल इलाक़े में हमला किया गया.
उनके अनुसार, मृतक और घायल लोग खुजदार ज़िले के वध क्षेत्र के रहने वाले थे और पिकनिक के लिए नाल के हरनबो बांध क्षेत्र में गए थे.
उन्होंने बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने उन पर गोलियां चलाईं.
उन्होंने कहा कि गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतकों में मल्लु मल नामक एक हिंदू व्यापारी भी शामिल हैं जबकि अन्य दो की पहचान अब्दुल राशिद और अब्दुल सबूर के रूप में हुई है.
वहाब बलूच ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उन्होंने कहा कि इस हमले के मक़सद का पता नहीं चल पाया है और इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है.
इस हमले के विरोध में पीड़ितों के रिश्तेदारों और वध में रहने वाले अन्य लोगों ने क्वेटा और कराची के बीच राजमार्ग को जाम कर दिया. (bbc.com/hindi)


