अंतरराष्ट्रीय

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने किस बात पर मांगी माफ़ी, बोले- 'लोगों के ग़ुस्से को महसूस कर रहा हूं'
06-Feb-2026 9:33 AM
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने किस बात पर मांगी माफ़ी, बोले- 'लोगों के ग़ुस्से को महसूस कर रहा हूं'

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने एक साल पहले पीटर मैंडलसन को वॉशिंगटन में ब्रितानी राजदूत के तौर पर नियुक्त करने पर माफ़ी मांगी. किएर स्टार्मर ने कहा कि वह लोगों के उस ग़ुस्से को महसूस करते हैं जब ताक़तवर लोग जांच से बच जाते हैं.

उन्होंने कहा कि वे मैंडलसन की फ़ाइलें जितनी जल्दी हो सके जारी करना चाहते हैं, लेकिन यह पुलिस की दी गई सलाह के ख़िलाफ़ है. इससे आगे की जांच या क़ानूनी प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है.

स्टार्मर ने बताया कि वे इससे निजी तौर पर परेशान हैं लेकिन राजनीतिक रूप से ऐसे लुभावने क़दम नहीं उठाएंगे, जो पीड़ितों के लिए न्याय को ख़तरे में डालें.

उन्होंने कहा, "एप्सटीन के पीड़ितों ने ऐसा दर्द झेला है जिसे हम में से ज़्यादातर समझ भी नहीं सकते. माफ़ी चाहता हूं कि मैंने मैंडलसन के झूठ पर भरोसा किया और उसे नियुक्त किया."

किएर स्टार्मर ने दिसंबर 2024 में पीटर मैंडलसन को वॉशिंगटन में ब्रिटेन का राजदूत बनाया था. अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने बीते हफ़्ते ही एप्सटीन की कुछ अन्य फ़ाइल जारी की, इनमें वे ईमेल भी शामिल थे जो मैंडलसन और एप्सटीन के रिश्ते की पुष्टि करते हैं.  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट