अंतरराष्ट्रीय

ग्रीस में कोस्ट गार्ड नाव और स्पीडबोट की टक्कर, 15 की मौत
04-Feb-2026 1:29 PM
ग्रीस में कोस्ट गार्ड नाव और स्पीडबोट की टक्कर, 15 की मौत


ग्रीस के सियोस द्वीप के पास मंगलवार, 3 फरवरी  को एक ग्रीक कोस्ट गार्ड बोट और प्रवासियों की स्पीडबोट के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई. कोस्ट गार्ड ने बताया कि समुद्र से 14 शव बरामद किए गए, जबकि घायल हुई एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, दुर्घटना में 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 11 बच्चे और दो कोस्ट गार्ड अधिकारी शामिल हैं.


रिपोर्टों के मुताबिक, दर्जनों प्रवासियों को लेकर तुर्की से सियोस की ओर आ रही स्पीडबोट को ग्रीक कोस्ट गार्ड ने देखा और उसे दिशा बदलने का निर्देश दिया. सार्वजनिक प्रसारक ईआरटी ने बताया कि चेतावनी संकेत देने के बाद प्रवासियों की नाव ने बचने की कोशिश की. इसी दौरान अस्पष्ट परिस्थितियों में दोनों नावें आपस में टकरा गईं, जिसके चलते कई लोग समुद्र में गिर गए. हालांकि दुर्घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

घटना के बाद बड़े स्तर राहत अभियान शुरू किया गया, जिसमें कोस्ट गार्ड की कई पेट्रोल बोट, एक हेलीकॉप्टर और गोताखोर शामिल हैं. अभी भी यह साफ नहीं है कि स्पीडबोट पर कुल कितने लोग सवार थे. अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन के अनुसार, 2014 से अब तक लगभग 33,000 प्रवासी भूमध्यसागर में मारे या लापता हो चुके हैं.


अन्य पोस्ट