अंतरराष्ट्रीय

चीन में मानवाधिकार समूहों का दावा- भ्रष्टाचार पर रिपोर्ट करने वाले दो पत्रकार हिरासत में लिए गए
04-Feb-2026 12:37 PM
चीन में मानवाधिकार समूहों का दावा- भ्रष्टाचार पर रिपोर्ट करने वाले दो पत्रकार हिरासत में लिए गए

-कोह ईव

मानवाधिकार समूहों और कार्यकर्ताओं ने चीन के सिचुआन प्रांत में एक वरिष्ठ अधिकारी के कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के बाद दो खोजी पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने को लेकर चेताया है.

राइट्स ग्रुप का कहना है कि स्वतंत्र पत्रकार लियू हू और वू यिंगजियाओ को उनकी खोजी रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद रविवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

आलोचक लंबे समय से चीन में मीडिया को दबाने से जुड़े वाकयों पर चिंता जताते रहे हैं. चीन में पत्रकारों को इससे पहले भी मुक़दमों का सामना करना पड़ा है.

चेंगदू पुलिस ने सोमवार को कहा कि लियू और वू सरनेम वाले दो व्यक्ति 'झूठे आरोप लगाने' और 'अवैध व्यावसायिक गतिविधियों' के मामलों में जांच के दायरे में हैं. गिरफ़्तार हुए लोगों में से एक की उम्र 50 और दूसरे की 34 साल बताई गई है.

चीन की सरकार की ओर से अभी तक इन गिरफ़्तारियों पर कोई बयान नहीं है.

लियू चीन के एक जाने-मामने खोजी पत्रकार हैं. उन्हें इससे पहले साल 2013 में भी गिरफ्तार किया जा चुका है. उस समय ये गिरफ़्तारी एक हाई रैंक अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद मानहानि के संदेह में हुई थी.

मगर 2014 में रिहाई के बाद लियू ने अपनी खोजी पत्रकारिता को जारी रखा और सोशल मीडिया पर अपनी रिपोर्टें प्रकाशित की. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट