अंतरराष्ट्रीय

मॉस्को, 19 अप्रैल। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में ईस्टर पर अस्थायी रूप से युद्धविराम की घोषणा की। क्रेमलिन ने शनिवार को यह जानकारी दी।
क्रेमलिन के अनुसार, युद्धविराम शनिवार को मॉस्को समयानुसार शाम छह बजे (भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे)से ईस्टर रविवार के बाद मध्यरात्रि (भारतीय समयानुसार रविवार रात ढाई बजे)तक चलेगा।
क्रेमलिन की प्रेस सेवा ने जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव के साथ बैठक में पुतिन के हवाले से कहा, ‘‘मानवता से प्रेरित होकर, आज रविवार से सोमवार तक स्थानीय समयानुसार शाम छज बजे से रात 12 बजे तक रूसी पक्ष ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करता है। मैं आदेश देता हूं कि इस अवधि के लिए सभी सैन्य कार्रवाइयां रोक दी जाएं।’’
पुतिन ने कहा, ‘‘हम मानते हैं कि यूक्रेनी पक्ष हमारे उदाहरण का अनुसरण करेगा। साथ ही, हमारे सैनिकों को युद्धविराम के संभावित उल्लंघन और दुश्मन की ओर से उकसावे, उसके किसी भी आक्रामक कार्य को रोकने के लिए तैयार रहना चाहिए।’’
यह घोषणा उसी दिन की गई जब रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके बलों ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी सेना को उनके बचे हुए आखिरी ठिकानों में से एक से खदेड़ दिया। मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन की सीमा पर स्थित ओलेशन्या गांव पर नियंत्रण कर लिया है।
एसोसिएटेड प्रेस इस दावे की तत्काल पुष्टि नहीं कर सका तथा यूक्रेनी अधिकारियों की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, रूस अब भी यूक्रेन की सेना को ओलेशन्या से लगभग 11 किलोमीटर दक्षिण में स्थित गोर्नल गांव से बाहर निकालने के लिए संघर्ष कर रहा है।
रूसी सुरक्षा एजेंसियों के हवाले से एजेंसी ने बताया, ‘‘रूसी सेना ने अभी तक यूक्रेनी सशस्त्र बलों को गोरनल से बाहर नहीं निकाला है... ताकि कुर्स्क क्षेत्र को पूरी तरह से मुक्त किया जा सके। बस्ती में भीषण लड़ाई चल रही है।’’
एक अन्य घटनाक्रम में, यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया कि रूस ने शनिवार रात तक ड्रोन और ‘डमी हथियारों’ से 87 महले किये।
इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने शुक्रवार रात को यूक्रेन के दो ड्रोन मार गिराये। (एपी)