अंतरराष्ट्रीय

मुंबई, 4 अप्रैल। तुर्किये हवाई अड्डे पर 40 घंटे से अधिक समय तक फंसे रहने के बाद भारतीयों समेत 250 से अधिक यात्रियों को लेकर वर्जिन अटलांटिक का विमान मुंबई के लिए रवाना हो गया है और शुक्रवार देर शाम विमान के मुंबई में उतरने की उम्मीद है।
बुधवार को लंदन से मुंबई आने वाले उनके विमान का दियारबाकिर हवाई अड्डे की ओर मार्ग परिवर्तित कर दिया गया था, जिसके कारण ये यात्री वहां फंस गए थे।
वर्जिन अटलांटिक के प्रवक्ता ने कहा, "सभी आवश्यक तकनीकी स्वीकृतियां प्राप्त हो जाने के बाद, विमान शुक्रवार चार अप्रैल को स्थानीय समयानुसार एक बजे दियारबाकिर हवाई अड्डे से रवाना हुआ। यात्री अब मुंबई के लिए रवाना हो चुके हैं तथा स्थानीय समयानुसार लगभग आठ बजकर 49 मिनट तक विमान के पहुंचने की उम्मीद है।"
हवाई अड्डे पर फंसे एक यात्री ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि सभी यात्री फर्श पर बैठे थे और कोई कंबल उपलब्ध नहीं था। (भाषा)