अंतरराष्ट्रीय

जर्मनी : म्यूनिख में चालक ने कार भीड़ में घुसाई, 20 लोग घायल
13-Feb-2025 8:11 PM
जर्मनी : म्यूनिख में चालक ने कार भीड़ में घुसाई, 20 लोग घायल

बर्लिन, 13 फरवरी। जर्मनी के म्युनिख में बृहस्पतिवार को एक कार चालक ने भीड़ में वाहन घुसा दिया जिससे कम से कम 20 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने म्यूनिख शहर के निकट सुबह करीब 10:30 बजे घटी इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि इस घटना में चालक को मौके पर ही ‘‘पकड़ा’’ गया और अब कोई खतरा नहीं है। घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त कार को देखा जा सकता है।

जर्मनी की समाचार एजेंसी ‘डीपीए’ के अनुसार, अग्निशमन सेवा ने बताया कि कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।

मेयर डाइटर रीटर ने कहा कि वह इस घटना से ‘‘बेहद दुखी’’ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।

घटना के समय ‘सर्विस वर्कर्स यूनियन’ द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि घायलों में प्रदर्शनकारी भी शामिल हैं या नहीं। (एपी)


अन्य पोस्ट