अंतरराष्ट्रीय

भारत में बीते दशक में उल्लेखनीय परिवर्तन देखे गए हैं : यूएनजीए अध्यक्ष
02-Feb-2025 11:50 AM
भारत में बीते दशक में उल्लेखनीय परिवर्तन देखे गए हैं : यूएनजीए अध्यक्ष

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 2 फरवरी (भाषा)। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फिलेमोन यांग ने कहा है कि भारत में पिछले दशक में “उल्लेखनीय परिवर्तन” देखे गए हैं और देश की उनकी आगामी यात्रा में उन्हें यह देखने का अवसर मिलेगा कि कैसे डिजिटल और तकनीकी नवाचार ने “इस परिवर्तन को बढ़ावा दिया है।”

यांग चार से आठ फरवरी तक भारत की यात्रा पर रहेंगे, जो संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र के अध्यक्ष के रूप में उनकी पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

यांग ने अपनी यात्रा से पहले ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा, ‘‘दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और दुनिया की 20 प्रतिशत आबादी का निवास होने के नाते भारत संयुक्त राष्ट्र का एक महत्वपूर्ण सदस्य है।’’

यात्रा के उद्देश्य से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुए यांग ने कहा कि वह "बहुपक्षवाद के भविष्य के लिए भारत की प्राथमिकताओं और दृष्टिकोण को और अधिक गहराई से समझने" के लिए उत्सुक हैं।

इस यात्रा के दौरान, वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर समेत भारतीय नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे।

मध्य अफ्रीकी देश कैमरून के प्रधानमंत्री के रूप में 2013 में अपनी भारत यात्रा को याद करते हुए, यांग ने कहा कि तब से, भारत में एक "उल्लेखनीय परिवर्तन" हुआ है और उन्हें उम्मीद है कि इस यात्रा में उन्हें यह देखने का अवसर मिलेगा कि कैसे डिजिटल और तकनीकी नवाचार ने “इस परिवर्तन को बढ़ावा दिया है”।


अन्य पोस्ट