अंतरराष्ट्रीय

मेटा ने ट्रंप के फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट से प्रतिबंध हटाया
14-Jul-2024 9:37 AM
मेटा ने ट्रंप के फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट से प्रतिबंध हटाया

मेटा ने नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों से पहले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स से प्रतिबंध हटा दिया है.

6 जनवरी को यूएस कैपिटल पर हमला करने वाले समर्थकों की प्रशंसा करने के बाद पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स को 2021 में निलंबित कर दिया गया था. इस मामले में ट्रंप दोषी भी पाए गए थे.

मेटा ने एक ब्लॉग में कहा कि मेटा के सभी प्लेटफॉर्म पर ट्रंप के करीब 6 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं. उनके अकाउंट्स साल 2023 में फिर से बहाल किए गए थे, लेकिन उनके अकाउंट्स अतिरिक्त निगरानी के अधीन थे, जिसे अब हटा दिया गया है.

मेटा ने कहा कि राजनीतिक अभिव्यक्ति की अनुमति देना उसकी ज़िम्मेदारी है और अमेरिकियों को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को सुनने के लिए एक समान मौका मिलना चाहिए.

मेटा ने कहा है कि, "अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सभी फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम उपयोगकर्ताओं के समान सामुदायिक मानकों के अधीन रहेंगे, जिनमें नफरत फैलाने वाले भाषण और हिंसा को उकसाने से रोकने के लिए बनाई गई नीतियां भी शामिल हैं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट