अंतरराष्ट्रीय

मास्को, 21 जून। मास्को क्षेत्र के गवर्नर आंदरेई वोरोबयोव ने बुधवार को कहा कि एक स्थानीय सैन्य इकाई के गोदाम की ओर बढ़ रहे दो ड्रोन को शहर के बाहरी इलाके में मार गिराया गया।
इस घटनाक्रम को कीव के जवाबी हमले के शुरूआती चरणों के दौरान रूस के अंदर लक्ष्यों को निशान बनाने की यूक्रेन की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
रूसी मीडिया में आई खबर के अनुसार, तीसरे ड्रोन का मलबा उस स्थान से करीब 20 किमी (12 मील) की दूरी पर पाया गया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि मास्को क्षेत्र में उसके प्रतिष्ठानों पर यह यूक्रेनी शासन का एक असफल हमला था।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन, रूसी क्षेत्र में हमले की जिम्मेदारी आमतौर पर नहीं लेता है। उसने मार गिराये गये ड्रोन के बारे में अभी कोई टिप्पणी नहीं की है। पूर्व में, यूक्रेनी अधिकारियों ने रूसी आक्रमण के जवाब में हमले करने की बात कही थी।
रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 में शुरु हुआ था। (एपी)