अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका में कब्रिस्तान के बाहर गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल
12-Apr-2023 11:42 AM
अमेरिका में कब्रिस्तान के बाहर गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, तीन घायल

वाशिंगटन, 12 अप्रैल। अमेरिका की राजधानी में एक कब्रिस्तान के बाहर मंगलवार को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मेट्रोपोलिटन पुलिस प्रमुख रॉबर्ट कॉन्टी ने कहा कि उत्तर पूर्व वाशिंगटन में स्थित कब्रिस्तान के बाहर एक पुलिस अधिकारी तैनात था, जहां अंतिम संस्कार के दौरान प्रार्थना हो रही थी तभी दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गोलीबारी शुरू हुई।

कॉन्टी ने बताया कि गोलीबारी करीब 20 मिनट तक चली। कब्रिस्तान में उस व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया जा रहा था जिसे मार्च में गोली मारी गई थी। पीड़ित के परिवार ने पुलिस से कब्रिस्तान के बाहर अपने अधिकारियों को तैनात करने का अनुरोध किया था।

कॉन्टी ने बताया कि चार लोगों को गोली लगी थी। वाशिंगटन डीसी के दमकल एवं आपात चिकित्सा सेवा के प्रवक्ता के अनुसार, एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो पुरुष एवं एक महिला समेत तीन अन्य घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कॉन्टी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमें नहीं पता कि इन लोगों को निशाना क्यों बनाया गया।’’ पुलिस ने मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। (एपी)


अन्य पोस्ट