सामान्य ज्ञान

राजभाषा आयोग
16-Aug-2020 12:13 PM
राजभाषा आयोग

राजभाषा संबंधी सांविधानिक और कानूनी उपबंधों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा संघ के सरकारी काम-काज में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए गृह मंत्रालय के एक स्वतंत्र विभाग के रूप में जून, 1975 में  राजभाषा विभाग स्थापित किया गया। 

केंद्रीय सरकार के कार्यालयों में कार्यरत हिन्दी का ज्ञान नहीं रखने वाले कार्मिकों को हिन्दी भाषा, हिन्दी टंकण एवं हिन्दी आशुलिपि का प्रशिक्षण, केंद्रीय सरकार के मंत्रालयों/विभागों, संबद्ध/अधीनस्थ कार्यालयों, उपक्रम/निगम/ स्वायत्त निकायों आदि में सरकारी कामकाज में राजभाषा हिन्दी के प्रगामी प्रयोग की समीक्षा एवं समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी करने जैसे नियमित कार्यों के अलावा राजभाषा विभाग द्वारा समय-समय पर नए कार्यक्रम जारी किए जाते रहे हैं।  राजभाषा आयोग द्वारा शुरू किए गए कुछ कार्यक्रम अत्यंत सफल रहे हैं।

हिन्दी टंकण में एकरूपता लाने के लिए राजभाषा विभाग द्वारा सभी कार्यालयों में यूनिकोड लागू करने का सफल प्रयास किया गया है।  आज का समय सूचना प्रोद्योगिकी का समय है।  कंप्यूटर की इसमें अहम भूमिका है।  आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए राजभाषा विभाग द्वारा सभी कंप्यूटरों पर यूनिकोड की सुविधा को अनिवार्य बनाया गया है।  इससे अलग-अलग फॉन्ट की फाइलें किसी भी ऑफिस में यूनिकोड की सहायता से खुल सकती हैं तथा यूनिकोड की सुविधा रखने वाले सभी कार्यालयों में एक ही फॉन्ट पर हिन्दी में कार्य करना आसान हुआ है।  आज लगभग समस्त कार्यालयों में कंप्यूटरों पर यूनिकोड की सुविधा है। 

हिन्दी में लिखना-पढऩा नहीं जानने वाले कार्मिकों को हिन्दी भाषा का प्रशिक्षण राजभाषा विभाग के अधीनस्थ केंद्रीय हिन्दी प्रशिक्षण संस्थान के देशभर में स्थापित 117 केंद्रों पर कक्षाओं तथा पत्राचार के द्वारा दिया जाता है। प्राय: हिन्दी अथवा हिन्दी-अंग्रेजी मिश्रित माध्यम से दिया जाता है।  किन्तु इस तथ्य को ध्यान में रखकर कि किसी भी व्यक्ति के लिए कोई भी प्रशिक्षण अपनी मातृभाषा अथवा शिक्षा की भाषा में दिया जाना अधिक सफल होता है, हिंदी नहीं जानने वाले लोगों को ऑनलाइन हिन्दी भाषा का प्रशिक्षण देने के लिए ‘लीला’ नामक एक सॉफ्टवेयर विकसित कराया गया है।  ‘लीला’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसकी सहायता से भारतीय संविधान की आठवीं सूची में शामिल देश की 15 प्रमुख भाषाओं के माध्यम से हिन्दी भाषा का ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त किया जा सकता है।  देश-विदेश में अनेक लोग इस सॉफ्टवेयर की सहायता से हिन्दी भाषा सीख रहे हैं।  इसके अलावा जो लोग प्रशिक्षण केंद्रों पर जाकर परीक्षा देने में असमर्थ हैं उनके लिए ऑनलाइन परीक्षा की व्यवस्था भी की गई है।  दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और चेन्नै शहरों मे ऑनलाइन परीक्षा की सुविधा है। 

यह सॉफ्टवेयर निशुल्क उपलब्ध है तथा राजभाषा विभाग की वेबसाइट  से डाउनलोड करके इनका उपयोग किया जा सकता है।   इनके अलावा हिन्दी में कामकाज को सुविधाजनक बनाने के लिए कंप्यूटर पर हिन्दी में कार्य करने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है।  प्रति वर्ष 100 कार्यक्रम देश भर में विभिन्न केंद्रों पर चलाए जाते हैं।  यह कार्यक्रम कार्यालयों में अत्यंत लोकप्रिय हैं। 
 


अन्य पोस्ट