मनोरंजन
चंडीगढ़, 29 मई। पंजाब के मानसा जिले में रविवार को अज्ञात हमलावरों ने मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी। राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला की सुरक्षा वापस लिये जाने के एक दिन बाद यह घटना हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक (मानसा) गोबिंदर सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि 27 वर्षीय मूसेवाला को कई गोलियां लगीं। हमले के समय वह एक गांव में अपनी जीप में थे।
मानसा के सिविल सर्जन डॉक्टर रंजीत राय ने पत्रकारों को बताया कि सिविल अस्पताल लाए जाने से पहले ही मूसेवाला की मौत हो चुकी थी।
मूसेवाला ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉक्टर विजय सिंगला से हार गए थे।
कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने मूसेवाला की हत्या पर स्तबधता और आक्रोश व्यक्त किया है और उनकी सुरक्षा वापस लेने के लिए राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट किया, 'पंजाब से कांग्रेस उम्मीदवार रहे और एक प्रतिभाशाली संगीतकार सिद्धू मूसेवाला की हत्या, कांग्रेस पार्टी और पूरे देश के लिए एक भयानक सदमे की तरह है। उनके परिवार, प्रशंसकों और मित्रों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इस बेहद दुखद घड़ी में हम एकजुट और अडिग हैं।'
मूसेवाला को कांग्रेस में लाने में अहम भूमिका निभाने वाले कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है।
वडिंग ने ट्वीट किया, 'भगवंत मान सरकार द्वारा सुरक्षा वापस लेने के 2 दिन बाद ही उन्हें मानसा में गोलियों से भून दिया गया। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने नैतिक अधिकार खो दिया है। इसे बर्खास्त किया जाना चाहिये।'
पंजाब पुलिस ने शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला समेत 424 लोगों की सुरक्षा शनिवार को वापस ले ली थी।
मूसेवाला विधानसभा चुनाव से पहले पिछले साल कांग्रेस में शामिल हुए थे। (भाषा)


