संपादकीय
हैदराबाद की खबर है कि तेलुगु फिल्मों के एक जाने-माने अभिनेता अल्लू सिरीश ने पुलिस से शिकायत की है कि एक मंदिर में देर रात तक तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा है जिससे बुजुर्गों, बच्चों, और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी परेशानी हो रही है। पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सिरीश ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में वीडियो भी शेयर किया है, और लिखा है कि उन्होंने फिल्म नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी, और उनसे 25 सितंबर तक इंतजार करने को कहा गया था क्योंकि गणेश उत्सव चल रहा था। अब त्यौहार खत्म हो गया है लेकिन तेज संगीत बंद नहीं हुआ है। इस पर हैदराबाद पुलिस ने कहा है कि संबंधित थाने को मामला दे दिया गया है। अभी दो-तीन दिन पहले ही मध्यप्रदेश की एक खबर थी कि गणेश विसर्जन के जुलूस में बहुत तेज बजते हुए डीजे की वजह से बगल के कॉलेज में क्लास में बैठी एक छात्रा की मौत हो गई। इसके पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में बच्चों, बड़ों, या बूढ़ों, सभी तरह के लोगों की मौतें डीजे के शोरगुल के बीच हो चुकी हैं। दो दिन पहले ही जयपुर का एक वीडियो सामने आया था जिसमें एक मंदिर के भीतर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है कि पड़ोस का एक छात्र आकर पुजारी को बहुत बुरी तरह मार रहा है क्योंकि वह मंदिर के लाउडस्पीकर से थका हुआ था।
ये कुछ मामले तो अधिक चर्चित होने की वजह से खबरों में आ जाते हैं, लेकिन असल जिंदगी की हालत यह है कि धर्म के नाम पर रात-दिन बजने वाले लाउडस्पीकरों से दूर-दूर तक लोगों का जीना हराम रहता है, उनका सुख-चैन खत्म हो जाता है, वे मानसिक रूप से तनाव में रहते हैं, ब्लडप्रेशर या दिल की बीमारी के खतरे उन पर बढ़ जाते हैं, उनके कानों को खतरा रहता है, नींद कम होने की वजह से उनकी उत्पादकता घट जाती है। दूसरी तरफ यह देखें कि धार्मिक लाउडस्पीकरों से हासिल क्या होता है, तो दिखता है कि एक धर्म के लोग अपने लाउडस्पीकरों के शोर की मार से दूसरे धर्म के लोगों को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं, अपने धर्म के बाहुबल का प्रदर्शन करते हैं। अपने ही धर्म के भीतर भी अलग-अलग धर्मस्थानों, या अलग-अलग धार्मिक आयोजनों से जुड़े हुए सामाजिक या राजनीतिक नेता एक-दूसरे से मुकाबले में भी अपने आयोजनों को और बड़ा करते हैं। और बड़े का यह मुकाबला सार्वजनिक जीवन में परले दर्जे की अराजकता खड़ी कर चुका है। प्रतिमाओं के आकार में मुकाबला होता है, दही-हांडी को बांधने की रस्सी की कितनी ऊपर जा सकती है, इसका मुकाबला होता है, झांकी और लाउडस्पीकर का मुकाबला होता है। अभी पिछले हफ्ते छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस को जाकर रात दो बजे गणेश पंडाल बंद करवाने पड़े ताकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसवालों को कुछ घंटों की नींद नसीब हो जाए। शहरों की सडक़ों की क्षमता, लोगों की कानों की क्षमता, आंखों पर पडऩे वाली तरह-तरह की रौशनी को झेलने की क्षमता, चंदा देने की क्षमता, न देने पर नाराजगी और नुकसान झेलने की क्षमता, आज के धार्मिक आयोजन लोगों की क्षमताओं की अग्निपरीक्षा ले रहे हैं। गुजरात का एक वीडियो कुछ दिन पहले था, वहां एक छोटे से आइस्क्रीम पार्लर वाले से उस मोहल्ले के धार्मिक आयोजन के लिए 21 हजार रूपए चंदा मांगा गया, और न देने पर दुकानदार और उसके परिवार की बहुत बुरी तरह पिटाई की गई, और पार्लर को तोडफ़ोड़ दिया गया। जगह-जगह मनमाना चंदा न मिलने पर कारोबारियों या घरेलू लोगों को अंधाधुंध नुकसान पहुंचाने के मामले सामने आते हैं।
जो लोग किसी भी धर्मस्थान के आसपास रहते हैं, वे लाउडस्पीकरों से रात-दिन यातना झेलते हैं, और इन जगहों पर आने वाले धर्मालु लोगों की भीड़ से, उनकी गाडिय़ों से होने वाले ट्रैफिक जाम से उनकी पूरी जिंदगी ही खराब हो जाती है। यह हर किसी के बस का तो रहता नहीं कि ऐसी जगहों के अपने मकानों को बेचकर दूसरी जगह जा सकें। ऐसे में होने वाले नुकसान की भला क्या भरपाई हो सकती है? फिर यह भी है कि अलग-अलग धर्मों के ऐसे उपासना केन्द्रों के अपने अवैध निर्माण सडक़ों तक आए हुए रहते हैं, सडक़ों के ऊपर भी कंस्ट्रक्शन कर लिया जाता है। एक साइकिल खड़ी करने की जगह भी धर्मस्थान आमतौर पर नहीं छोड़ते। फिर उनके अहाते के बाहर धार्मिक सामग्री बेचने वालों की दुकानों की कतार लग जाती है, भीख मांगने वाले लोगों की कतार लग जाती है, और श्रद्धालुओं की अलग-अलग गाडिय़ां आसपास के पूरे इलाके को घेर लेती हैं। फिर वायु तरंगों पर लाउडस्पीकर का शोर कब्जा कर लेता है, बाहर चलने वाले अलग-अलग धर्मों के भंडारे चारों तरफ लोगों की भीड़ जुटा लेते हैं, और खाना खत्म होने तक चारों तरफ जूठी पत्तलों और गिलासों के ढेर लग जाते हैं।
अब किसी देश में लोगों का शांति से जीने, शांति से काम करने, अपने घर-दुकान तक बिना रोकटोक आने-जाने, सडक़ों पर चैन से चलने का हक अधिक महत्वपूर्ण है, या कि धार्मिक पाखंड के लिए सार्वजनिक जीवन के हर नियम-कानून को तोडऩा अधिक जरूरी है? जिस वक्त धर्म बने थे, उस वक्त तो अगले हजारों बरस तक लाउडस्पीकर का आविष्कार ही नहीं हुआ था। साइकिलें बनने में भी सैकड़ों बरस तो लगे ही होंगे, और इसलिए मंदिर-मस्जिद, या किसी और धर्मस्थल पर लोग पैदल ही आते-जाते रहे होंगे। उस वक्त की सीमित आबादी, बिना बिजली, बिना लाउडस्पीकर, बिना पटाखों और आतिशबाजी के अमन-चैन से धार्मिक आयोजन होते रहे होंगे, और शायद ही किसी की मौत मंदिर के भजन, या मस्जिद की अजान से हुई होगी। आज तो हिन्दुस्तान के शहरों में कोई भी धार्मिक त्यौहार आते ही उन सारे इलाकों के लोग दहशत में आ जाते हैं जहां से होकर धार्मिक जुलूस गुजरते हैं।
अब गणेशोत्सव या दुर्गोत्सव जैसे त्यौहारों की बात करें, जिनमें प्रतिमाओं की ऊंचाई का मुकाबला चलते रहता है, तो अभी ऐसे कई वीडियो सामने आए जिसमें बहुत ऊंची गणेश प्रतिमा को लाते या ले जाते हुए उस प्रतिमा की ऊंचाई तक पहुंचकर लोग रास्ते के सारे टेलीफोन, केबल, या इंटरनेट के तार काटते चले जा रहे थे। एक-एक प्रतिमा के लिए ऐसे दर्जनों तार काटे जा रहे थे। अब इनसे इस पूरे रास्ते में रहने और काम करने वाले लोगों की जिंदगी और कामकाज की जो बर्बादी होगी, उसकी भरपाई कौन से ईश्वर कर सकेंगे? फिर ऐसे दर्जनों वीडियो सामने आए हैं जिसमें क्रेन से पानी में गिराई जाती प्रतिमाएं पुलों की रेलिंग पर ही टूटकर चकनाचूर हो रही हैं, या लोग प्रतिमाओं के ऊपर चढ़-चढक़र उन्हें पानी में बांस से दबाकर डुबाने की कोशिश कर रहे हैं। आज चारों तरफ नदियों में बाढ़ आई हुई है, और हर बरस नदी के किनारे के हजारों-लाखों गांव-शहर की प्रतिमाएं उनमें डुबा-डुबाकर उन्हें पाटा जा रहा है, और कोई हैरानी नहीं कि इससे भी बाढ़ बढ़ रही हो, प्रदूषण तो बढ़ ही रहा है।
धर्म ने अपने आपको तर्क और विज्ञान से, नियमों और संविधान से, सभी से ऊपर कर लिया है। एक दिन इंसान ने अपने इस्तेमाल के लिए धर्म बनाया था, आज धर्म बेकाबू एआई की तरह बेकाबू हो चुका है, और वह इंसानों का इस्तेमाल अपने आपको महिमामंडित करने के लिए कर रहा है। यह महिमामंडन इंसानों की जिंदगी, पर्यावरण, सभी का अपार नुकसान कर रहा है, और धर्मों के बीच की, अलग-अलग धर्म के भीतर की यह दौड़ जाने कहां तक पहुंचेगी।