संपादकीय
योग गुरू कहे जाने वाले, पतंजलि नाम की विशाल कंपनी के मुखिया रामदेव ने अभी 15 अगस्त को झंडा फहराने के बाद दर्जनों कैमरों के सामने देश में बच्चों और नौजवानों में फैली हुई बेचैनी को लेकर एक बड़ा कड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था- देश में चारों तरफ हंगामा है, घपला है। छोटे-छोटे स्कूल और कॉलेजों में शिक्षक, किताब, बिजली, पानी, और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है। जहां सब कुछ ठीक है, वहां भी पढ़ाई में नकल हो जाती है, पेपर लीक हो जाता है। सरकारी नौकरियों में साक्षात्कार के दौरान 90 से 99 फीसदी तक घोटाला होता है। अपनी जाति, वर्ग, समुदाय, और विचार के लोगों को नौकरी मिलती है, और बाकियों को धक्का मार दिया जाता है। यह सब अपमानजनक, और लोकतंत्र के खिलाफ है। एक तरफ हम सत्यमेव जयते की बात कर रहे हैं, दूसरी तरफ पहले से तय करके लाखों-करोड़ों रूपए लेकर नौकरियां बांटी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश में आंदोलन ही चलते रहे, तो यह देश कैसे चलेगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अभी भी समय है, सुधर जाओ, यह घपले ठीक कर लो, कहीं ऐसा न हो कि बाबा रामदेव को दोबारा आंदोलन करना पड़े। उन्होंने कहा कि देश में गरीब और अमीर के बीच की खाई बहुत गहरी होती जा रही है, जो ठीक नहीं है।
देश में यूपीए सरकार और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को हटाने के लिए अन्ना हजारे, केजरीवाल, किरण बेदी जैसे लोगों के साथ रामदेव भी सबसे अगली कतार में थे। उस दौर में वे टीवी स्टूडियो में मौजूद दर्जनों नौजवान दर्शकों के सामने यह घोषणा करते थकते नहीं थे कि मोदी सरकार आएगी, तो पेट्रोल 35 रूपए लीटर हो जाएगा, डॉलर 40 रूपए तक नीचे आ जाएगा, विदेशी बैंकों में जमा हिन्दुस्तानियों का कालाधन वापिस आएगा, और एक-एक गांव को करोड़ों रूपए मिलेंगे। इस तरह के बयान दे-देकर उन्होंने टीवी स्टूडियो के भीतर, और बाहर खूब तालियां बजवाईं थीं। इसलिए अभी 15 अगस्त को जब इन्होंने ऐसा हैरतअंगेज बयान दिया, तो पहली नजर में यह एआई से गढ़ा हुआ फर्जी वीडियो लगा। फिर जांच-परख करने पर यह दिखा कि जिन चैनलों और एजेंसियों के कैमरे वीडियो में दिख रहे थे, उन सबकी वेबसाइटों पर यह वीडियो दिखा, तो हैरानी तो बनी रही, शक जाता रहा।
अब कल 16 अगस्त को, एक दिन बाद ही रामदेव का एक दूसरा बयान कैमरों पर आया है। इसमें उन्होंने कहा है- आंदोलन में बच्चों को नहीं धकेलना चाहिए, बच्चे आंदोलन करेंगे, तो पढ़ेंगे कब? वे शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन करते हैं, लेकिन अराजक आंदोलन का नहीं। उन्होंने कहा देश का बचपन खतरे में है, इसलिए इस समय देश का सबसे बड़ा मुद्दा यही है। कुछ लोग बचपन का इस्तेमाल आंदोलन में कर रहे हैं। उन्होंने कहा यदि देश का बच्चा प्रायमरी स्कूल में पढ़ रहा है, और आप उसको आंदोलन में धकेल देंगे, तो बच्चा पढ़ेंगे कब? उसको पता ही नहीं कि आंदोलन क्या होता है। लेकिन आपने उसको आंदोलन में धकेल दिया कि जाओ तुम थाने का घेराव करो, सडक़ों पर उतर जाओ, डीएम-एडीएम का घेराव करो। छोटे बच्चों को आंदोलन में नहीं धकेलना चाहिए, ऐसा पूरी दुनिया में कहीं नहीं होता है। उन्होंने कहा देश में अराजक आंदोलन तो नहीं होना चाहिए, लेकिन संवैधानिक, लोकतांत्रिक, और नैतिक मूल्यों पर आधारित आंदोलन होने चाहिए। आंदोलन के नाम पर अराजकता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह किसी एक व्यक्ति के सामथ्र्य की बात नहीं है, कि वो देश की व्यवस्था बदल सके। इसके लिए तीन स्तर पर जागरूकता चाहिए, सामाजिक, राजनीतिक, और प्रशासनिक स्तर की जागरूकता।
इन दोनों बयानों के वीडियो पुख्ता कर लेने के बाद हम यहां इस पर लिखना जरूरी समझते हैं। स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराते ही सार्वजनिक रूप से दर्जनों लोगों के बीच दर्जन भर से अधिक कैमरों पर दिया गया बयान, और अगले ही दिन उसी मुद्दे पर दिया गया बयान, एक ही व्यक्ति के नहीं लगते ये दो बयान। पहले दिन सरकार और व्यवस्था की आलोचना की जितनी बातें कही थीं, वे अगले दिन के बयान में गायब हो गईं। और अगले दिन आंदोलन कैसे-कैसे अराजक होते हैं, कैसे-कैसे उन्हें नहीं होना चाहिए, इस पर पूरी बात आ गई। एक दिन पहले जो बाबा यह चेतावनी दे रहा था कि सुधर जाओ, घपले ठीक कर लो, ऐसा न हो कि बाबा रामदेव को दोबारा आंदोलन करना पड़ जाए, वह अगले दिन बच्चों के सडक़ पर आने, या अफसरों से जाकर स्कूल की मांग करने के ही खिलाफ हो गया। जो व्यक्ति अपने को भारत के धर्म, आध्यात्म, योग, आयुर्वेद, और राष्ट्रवाद से जोडक़र पेश करता है, और इन सारी बातों की मदद से अपना बाजारू कारोबार बढ़ाता है, कारोबारी गलत कामों के लिए सुप्रीम कोर्ट से लेकर अखबारी पन्नों पर अदालती हुक्म से इश्तहार देकर माफी मांगता है, वह व्यक्ति 24 घंटे के भीतर अपनी जुबान, और अपनी बात इस तरह पलटता है!
ऐसा भी नहीं कि पहले दिन रामदेव के बयान को सुनकर हमें यह लगा हो कि इस बार यह बाबा सचमुच ही एक क्रांति के मूड में दिखता है। इसके ऐसे लटके-झटके पिछले डेढ़ दशक में तो अच्छी तरह दर्ज हैं। रजत शर्मा के शो में इसकी कही बातें अभी भी सोशल मीडिया पर वीडियो की शक्ल में तैरती रहती हैं कि किस तरह यह बेबुनियाद दावे करके नौजवानों से तालियां बजवा रहा था। इस बार हमें अधिक खराब यह लग रहा है कि बच्चों के स्कूल-कॉलेज की बदहाली, इम्तिहान के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी, और नौकरियों में होने वाली धांधलियों के मुद्दे को उठाने के बाद यह बाबा अगले दिन इन मुद्दों से कन्नी काट गया, और अपनी स्कूल की दिक्कतों के लिए आंदोलन करने को मजबूर बच्चों के खिलाफ हो गया! कोई व्यक्ति अपनी कही बातों को लेकर किस परले दर्जे का बेईमान हो सकता है, इसकी यह जीती जागती मिसाल है। गिरती छततले बैठे बच्चे, पानी में डूबते खड़े बच्चे, कीचड़ में डूबकर, नदी-नाले पार कर स्कूल पहुंचते बच्चे, इन बच्चों के साथ भी यह बेईमानी करने से यह आदमी नहीं चूका! लोग कहते हैं कि एक घर तो डायन भी छोड़ती है, छोटे-छोटे से तकलीफजदा बच्चों को लेकर तो किसी को अपने बयानों से ऐसा धोखा नहीं देना चाहिए। पहले दिन उनके लिए आंदोलन करने का दावा, और अगले ही दिन उनके आंदोलन को अराजक करार देना, ऐसा सार्वजनिक रूप से कोई भी इज्जतदार व्यक्ति तो नहीं कर सकते। इस देश के लोगों को ऐसे लोगों की शिनाख्त ठीक से करनी चाहिए। (क्लिक करें : सुनील कुमार के ब्लॉग का हॉट लिंक)