दुर्ग
तीन ने की नेत्रदान की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 अक्टूबर। नगर पंचायत पाटन द्वारा स्वर्गीय खूबचंद सभागार में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 161 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 140 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं शेष 21 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।
खास बात आज शिविर में देखने को मिली कि अभी तक शिविर में लोग अपनी मांगों, समस्याओं के निराकरण हेतु शिविर में आते थे लेकिन आज के शिविर में पाटन क्षेत्र के तीन व्यक्तियों ममता बिजौरा, नीता देवांगन और नेम सिंह भारद्वाज ने नेत्र दान करने की घोषणा कर लोगों को अभिभूत कर प्रेरणा दी। उन्होंने इस बाबत प्रपत्र में जानकारी भरकर विभाग के स्टाल में जमा भी की। नेत्रदान की घोषणा करने वाले तीनों व्यक्तियों का शिविर मंच में ही संभागीय आयुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह ने शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
सेवा सेतु शिविर में सभी विभागों के स्टाल लगाए गए थे जहां शिविर में पंहुचे आमजन को अपने अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए उनसे मिले आवेदनों का निराकरण भी किया। शिविर में पंहुचे संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने कहा कि इस शिविर में नेत्रदान करने की पहल कर,लोगों को प्रेरणा देने का जो कार्य किया है वह प्रेरणास्पद है। सभी से देहदान, नेत्र दान करने की अपील उन्होंने की साथ ही आमजन से प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी आयुक्त के साथ विभाग द्वारा लगाये गये स्टाल का अवलोकन कर, मिले आवेदनों के समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए, अपने उद्बोधन में प्रत्येक भूमि खातेदारों को किसान पंजीयन कराने के महत्व को बताते हुए अपने सेवा सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र, तहसील कार्यालय या अन्य सुलभ उपलब्ध केंद्र में जाकर पंजीयन कराने अपील की। कलेक्टर एवं कमिश्नर ने शिविर में उपस्थित किसानों, समस्या लेकर आए लोगों को गंभीरता से सुना तथा उसके निराकरण हेतु उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।