दुर्ग

सोलर पावर प्लांटों से केबल चोरी, अंतरजिला गिरोह के 3 सदस्य व कबाड़ी बंदी
17-Sep-2026 8:28 PM
सोलर पावर प्लांटों से केबल चोरी, अंतरजिला गिरोह के  3 सदस्य व कबाड़ी बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

तिल्दा नेवरा, 17 सितंबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत दो सोलर पावर प्लांटों से केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में चोरी की केबल से तांबा खरीदने वाले तिल्दा के एक कबाड़ी सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

हरे कृष्णा पावर प्लांट (चौरेंगा) के इंचार्ज लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला ने बाउंड्री वॉल की फेंसिंग काटकर लगभग 1,500 मीटर इन्वर्टर केबल वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं सूर्योदय वायर सोलर पावर प्लांट (ग्राम चंदेरी) के मैनेजर दुर्गेश कुमार ने फेंसिंग काटकर लगभग 5,000 मीटर डीसी केबल वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम चौरेंगा के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 3 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों प्लांटों से केबल चोरी कर उसे जलाकर तांबा निकालने और तिल्दा स्थित कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर माल खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में  रामचंद देवांगन निवासी वार्ड नं. 15, तिल्दा,  डहरीलाल टंडन खमतराई, रायपुर, रामप्रसाद मरावी  बीरगांव, रायपुर, हीरानंद आहूजा (कबाड़ी) वार्ड नं. 03, भैरवगढ़, तिल्दा है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए), 317(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है। प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट