दुर्ग

बीएसपी में हादसा, ठेका मजदूर की मौत
15-Sep-2026 6:05 PM
बीएसपी में हादसा, ठेका मजदूर की मौत

काम के दौरान बिगड़ी हालत
दुर्ग, 15 सितंबर।
 भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में सोमवार को हादसे में एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान ललित कुमार साहू (33) के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव का रहने वाला बताया जा रहा है। मृतक बीएसपी में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था।
हादसे के बाद प्लांट में अफरातफरी की स्थिति बन गई। ललित को तत्काल मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सेक्टर-9 अस्पताल की मरच्यूरी में रखवाया गया है। बताया जा रहा है कि ललित प्लांट में काम करने के लिए मरौदा गेट से आवाजाही करता था। हादसा किस वजह से हुआ और घटना के समय वह किस काम में लगा हुआ था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना की जानकारी मिलते ही बीएसपी के उच्चाधिकारी और ट्रेड यूनियन के नेता घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल हादसे की विस्तृत जानकारी और मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा होना बाकी है। पुलिस और बीएसपी प्रबंधन की ओर से घटना की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट