दुर्ग

तांदुला नहर में बहा रायपुर का कबड्डी खिलाड़ी, तलाश जारी
12-Sep-2026 4:33 PM
तांदुला नहर में बहा रायपुर का कबड्डी खिलाड़ी, तलाश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 12 सितंबर।  दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत सेलूद भाठापारा स्थित तांदुला नहर में शनिवार सुबह रायपुर का एक 15 वर्षीय खिलाड़ी बह गया। समाचार लिखे जाने दोपहर एक बजे एसडीआरएफ की टीम उसकी खोज में जुटी हुई है।

रायपुर के गुढिय़ारी निवासी शिवम यादव (15 वर्ष) सेलूद में बाल हनुमान क्लब द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और साथी खिलाडिय़ों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे शिवम प्रतियोगिता स्थल के पास स्थित तंदुला नहर की ओर शौच के लिए गए थे। इसके बाद जब वे नहर के किनारे हाथ-पैर धोने उतरे, तब काई और ढलान के कारण उनका पैर फिसल गया। नहर का जलस्तर और पानी का बहाव बेहद तेज होने की वजह से शिवम खुद को संभाल नहीं सके और बह गए।

शिवम को डूबता देख किनारे पर मौजूद साथी खिलाडिय़ों ने तत्काल उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी की तेज धार के आगे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं और शिवम देखते ही देखते ओझल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सेलूद सरपंच खिलेश मार्कंडेय ने पाटन पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित किया। मौके पर पाटन एसडीएम और एसडीआरएफ की टीम पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चला रही है।


अन्य पोस्ट