दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 सितंबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में आयोजित एक रिश्ता—जो जीवन बदल दे थीम पर आधारित श्री कृष्ण की मनोहारी एवं अलौकिक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
श्री कृष्ण के जन्म से लेकर महाभारत युद्ध तक की दिव्य झांकी को यमुना नदी, झरनों एवं मनोहारी प्राकृतिक दृश्यों से सुसज्जित किया गया है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति करा रही है। झांकी के माध्यम से श्री कृष्ण के जीवन एवं उनके दिव्य कर्तव्यों को अपने जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी जा रही है।
सेवा केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक रिश्ता जो जीवन बदल दे विषय पर आधारित इस झांकी के माध्यम से यह बताया जा रहा है कि श्रेष्ठ विचारों एवं सकारात्मक ऊर्जा के आदान-प्रदान से रिश्तों में सुंदरता और मधुरता आती है। वर्तमान समय में अनेक संबंधों में सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मिक जुड़ाव का अभाव दिखाई देता है। ऐसे में इस समस्या के समाधान के रूप में परमात्मा से आत्मिक रिश्ता जोडऩे का संदेश झांकी के माध्यम से दिया जा रहा है, जिससे व्यक्ति आत्म-संतुष्टि एवं आंतरिक शांति का अनुभव कर सके।
यह दिव्य एवं मनोहारी झांकी 22 सितंबर तक प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा संध्या 5 बजे से रात्रि 9.30 बजे तक सभी के दर्शनार्थ नि:शुल्क रहेगी। झांकी के अंतिम चरण में बनाया गया भव्य गीता सार सभी को जीवन का गहन आध्यात्मिक संदेश दे रहा है कि अनेक सांसारिक रिश्तों के साथ-साथ हमें एक ऐसा रिश्ता परमात्मा के साथ भी जोडऩा है, जो जीवन को सकारात्मक दिशा एवं आंतरिक शक्ति प्रदान करे।