दुर्ग
6 घंटे में रात को पुलिस ने किया बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 सितंबर। स्कूल जाने के लिए घर से निकले तीन नाबालिग बच्चे स्कूल पहुंचने के बाद अपने साथियों के साथ डोंगरगढ़ चले गए। पुलिस ने 6 घंटे में रात करीब 2.30 बजे मंदिर के पास तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
गुरुवार देर शाम तक स्कूल गए 3 नाबालिग के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने छावनी थाने में सूचना दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर तत्काल तलाश शुरू की।
स्कूल से पावर हाउस रेलवे स्टेशन तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। स्टेशन के करीब 20 कैमरों की जांच और विद्यार्थियों से पूछताछ के बाद बच्चों के डोंगरगढ़ जाने का सुराग मिला। पुलिस टीम डोंगरगढ़ पहुंची तथा आरपीएफ व स्थानीय पुलिस के सहयोग से रात करीब 2.30 बजे मंदिर के पास तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।