दुर्ग

संत नामदेव महाराज के जन्मोत्सव पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
07-Sep-2026 2:49 PM
संत नामदेव महाराज के जन्मोत्सव पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

विहंगम योग संस्थान ने किया वृहद पौधरोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 उतई, 7 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय विहंगम योग प्रचारक एवं प्रधान उपदेष्टा पूज्य संत  नामदेव महाराज के  जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विहंगम योग संस्थान द्वारा व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं हितवा संगवारी संस्था के पर्यावरण प्रेमियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और धरती को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पूज्य संत  नामदेव जी महाराज के संदेश को साझा करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के जीवन की सुरक्षा का आधार है। समारोह में पर्यावरण क्षरण और ग्लोबल वार्मिंग की गंभीर चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की गई। संयुक्त राष्ट्र (यूएनओ) की रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया गया कि विश्व भर में तेजी से बढ़ते तापमान और ग्लेशियरों के पिघलने की रफ्तार मानव सभ्यता के लिए गंभीर खतरे का संकेत दे रही है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढिय़ों को विकट प्राकृतिक संकटों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे समय में ब्रह्मनिष्ठ संतों का स्वयं आगे आकर पौधरोपण करना समाज को दिशा देने वाला एक क्रांतिकारी कदम है।

इस अवसर पर विहंगम योग संस्थान के, पदाधिकारीगण,  अनुयायियों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने मिलकर डुमरडीह व डुंडेरा के मध्य स्थित मैदान विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार व औषधीय पौधे लगाए तथा उनके संवर्धन एवं नियमित देखभाल का उत्तरदायित्व लिया। उपस्थित जनसमुदाय से अपील की गई कि वे प्रकृति के साथ तादात्म्य स्थापित कर आने वाली पीढ़ी को एक शुद्ध, हरित और खुशहाल पृथ्वी सौंपने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, जन-कल्याण एवं प्रकृति संरक्षण की प्रार्थना के साथ हुआ।

इस दौरान प्रेम प्रकाश मिश्रा(आश्रम व्यवस्थापक), आर एन साहू, योगेश्वरानंद योगी, हितवा संगवारी संस्था अध्यक्ष रोमशंकर यादव, विधायक प्रतिनिधि गोविन्द साहू,पुरुषोत्तम लाल सपहा, शिव कुमार साहू, सीमा साहू, शंकर सावरकर, सुधीर सपहा, मुन्नी लाल शर्मा, उमेश साहू पर्यावरण हितवा संगवारी हरीश साहू, बीआर मौर्य, टेकेश्वर सार्वा, उत्तरा साहू आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट