दुर्ग
उतई, 5 सितंबर। नगर साहू समाज उतई द्वारा भव्य तीजा पर्व मिलन समारोह का आयोजन आगामी 6 सितंबर रविवार को किया जा रहा है। यह गरिमामय कार्यक्रम शीतला नगर स्थित माँ कर्मा सामुदायिक भवन में होगा। इस विशेष उत्सव को यादगार बनाने के लिए कई सांस्कृतिक व मनोरंजक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। नगर साहू समाज के अध्यक्ष किशोर साहू ने बताया कि इस दौरान महिलाओं के लिए विशेष खेलकूद प्रतियोगिताएं, पारंपरिक पकवानों पर आधारित व्यंजन की बगिया और मनमोहक समूह नृत्य का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुश्री पायल साहू की संगीतमय प्रस्तुति रहेगी, जो लोक मंजीरा की मधुर धुनों पर अपने सुरीले भजनों और लोकगीतों का जादू बिखेरेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशीला साहू शिरकत करेंगी। वहीं समारोह की अध्यक्षता नगर साहू समाज (महिला) उतई की उपाध्यक्ष सुनीति साहू करेंगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत उतई की अध्यक्ष सरस्वती साहू, महिला तहसील साहू संघ (दुर्ग ग्रामीण) की उपाध्यक्ष लक्ष्मी साहू और भुनेश्वरी साहू विशेष अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगी।