दुर्ग
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर/दुर्ग, 4 सितंबर। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह गुरुवार को कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन 31 अगस्त से 3 सितंबर तक दुर्ग-भिलाई में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए अपने स्कूली जीवन के खेलों से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि स्कूली जीवन में उन्होंने भी विभिन्न खेलों में भाग लिया और खेल के मैदान से मिले अनुभव आज भी उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार खेलों के विकास एवं खिलाडिय़ों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इसके परिणामस्वरूप देश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न मंचों पर तिरंगा लहरा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया।
इससे पूर्व संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.वी. राव ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों से आए खिलाडिय़ों एवं दल प्रबंधकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर सहायक संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के.के. शुक्ला, सहायक संचालक खेल दुर्ग संभाग कल्पना स्वामी, पी.जे. सेबेस्टियन, पीताम्बर पटेल, राजेश प्रताप सिंह, धनीराम यादव, साहिबा सहित विभिन्न संभागों के व्यायाम शिक्षक, ऑफिशियल्स एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विनोद नायर, अशोक कुमार रिगरी, सुधीर बंसल,अविनाश चंद्रशील, पूनम मिश्रा, आरती शुक्ला, जावेद, टुम्मन देवांगन, सुनील कुमार डडसेना, उमेश निर्मलकर, मोहित, विशाल, योगेश, सुधांशु, यीतेश, परिवेश, राजेन्द्र, सीतेश्वर, सनत, हिमाचल, हिमांशु, यशोदा साहू सहित बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक एवं खेल अधिकारी उपस्थित थे।