दुर्ग

घर के भीतर चल रहा था जुआ, 12 गिरफ्तार, कैश सहित सवा 5 लाख जब्त
31-Aug-2026 5:31 PM
घर के भीतर चल रहा था जुआ, 12 गिरफ्तार, कैश सहित सवा 5 लाख जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 31 अगस्त। दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत कैम्प-1 के वार्ड क्रमांक 34 में एक मकान में दबिश देकर जुआ खेल रहे 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3 लाख 16 हजार 930 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 16 हजार 930 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, थाना छावनी थाना को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 34, कैम्प-1 स्थित एक घर में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद थाना छावनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 12 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुआ में लगाई गई नकदी के साथ ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से जुआ खेल रहे थे।

पुलिस ने मामले में महेंद्र कुमार सोनकर (52), कलीम खान (67), जी. शिवा शंकर राव (47), आशीष ताम्रकार (42), श्रीधर मांझी (55), प्रेम प्रेमचंद (51), ऐन धन राजू (44), भगवत प्रसाद (60), सपन चंद्र डे (54), राजेंद्र कुमार कौशिक (61), दिनेश साओ (42) और बलजिन्दर सिंह (52) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना छावनी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3,16,930 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश तथा विभिन्न कंपनियों के 12 टच स्क्रीन मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है, जब्त किए। इस तरह कुल जब्ती का मूल्य 5,16,930 रुपये बताया गया है।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्रों में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। कैम्प-1 की इस कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस और एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट