दुर्ग

रक्षाबंधन पर पवित्रता और नशामुक्ति का संकल्प
29-Aug-2026 8:03 PM
रक्षाबंधन पर पवित्रता और नशामुक्ति का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 अगस्त। रक्षाबंधन केवल कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि स्वयं को बुराइयों से मुक्त कर मन, वाणी और कर्म में पवित्रता धारण करने का संकल्प लेने का पावन अवसर है।

इसी आध्यात्मिक संदेश के साथ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, दुर्ग द्वारा आनंद सरोवर बघेरा, राजऋषि भवन केलाबाड़ी सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। आनंद सरोवर बघेरा में आयोजित स्नेह मिलन में कलेक्टर अभिजीत सिंह सपरिवार सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं राजऋषि भवन केलाबाड़ी में दुर्ग शहर एवं ग्रामीण अंचलों से आए भाई-बहनों को ब्रह्माकुमारी रीटा दीदी एवं रुपाली दीदी ने रक्षा सूत्र बांधकर परमात्म संदेश दिया।

इस दौरान लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा भी कराई गई। बहनों ने संदेश दिया कि दूसरों की रक्षा करने से पहले हमें अपने जीवन को नशे, नकारात्मक विचारों और बुराइयों से सुरक्षित करना होगा। नशामुक्त व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार और संस्कारवान समाज का आधार बन सकता है। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा को ध्यान में रखते हुए ब्रह्माकुमारी बहनों एवं भाई-बहनों ने राजयोग मेडिटेशन द्वारा पीडि़त आत्माओं के लिए शांति, सुख एवं शक्ति के प्रकम्पन दिए। परमात्मा से प्रार्थना की गई कि सभी आत्माओं को दुख से मुक्ति मिले और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए धैर्य एवं साहस प्राप्त हो।


अन्य पोस्ट