दुर्ग

दुर्ग विवि कुलसचिव के वित्तीय अधिकार छीने
29-Aug-2026 6:39 PM
दुर्ग विवि कुलसचिव के वित्तीय अधिकार छीने

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अगस्त। दुर्ग विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने मुचलके पर रिहा हुए कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप के वित्तीय अधिकार वापस लेने का निर्णय लिया है।  कुलसचिव के हस्ताक्षर से अब कोई भी वित्तीय लेन-देन नहीं होगा।

तय किया गया है कि आगामी आदेश तक विश्वविद्यालय के भुगतान संबंधी प्रपत्रों और बैंकिंग संव्यवहारों पर वित्त अधिकारी के साथ द्वितीय अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता के रूप में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नीलू श्रीवास्तव अधिकृत रहेंगी।

 विश्वविद्यालय ने आयुक्त, उच्च शिक्षा  को पत्र भेजकर मार्गदर्शन मांगा है। पत्र के साथ एफआईआर की प्रति भी भेजी गई। इसमें बताया गया कि कुलसचिव विश्वविद्यालय में वित्तीय देयकों, नस्तियों और प्रपत्रों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं, जबकि सिविल सेवा आचरण नियमों के अनुसार जमानत पर रहने वाले व्यक्ति द्वारा ऐसे वित्तीय कार्य नहीं किए जा सकते।

पत्र में यह भी उल्लेख है कि विश्वविद्यालय निधि में अनियमितता से संबंधित मामला जांच में है, ऐसे में उन्हीं के पास भुगतान, बैंकिंग, वेतन वितरण, क्रय और अभिलेखों की अभिरक्षा की जिम्मेदारी होना संस्थागत औचित्य के अनुरूप नहीं है। अभिलेखों से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई गई है। कार्यपरिषद के निर्णय की जानकारी भी आयुक्त को भेज दी गई है।

हाल ही में हुई कार्यपरिषद की बैठक में मामला उस समय गरमा गया, जब कुलसचिव के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के बाद वित्तीय कामकाज में उनकी भूमिका पर चर्चा शुरू हुई। कुलपति ने बैठक में कुलसचिव से कहा कि यह मामला अब कार्यपरिषद के सामने है, हितधारक होने के कारण निष्पक्ष चर्चा उनकी उपस्थिति में हो पाएगी। इस पर कुलसचिव ने कहा कि यदि कार्य परिषद के सभी सदस्य कहेंगे, तभी वे बाहर जाएंगे। इसके बाद सदस्यों ने लिखित में सहमति देते हुए हस्ताक्षर कर दिए। कुलसचिव को इस कंडिका की चर्चा से अलग कर दिया गया और डॉ. नीलू श्रीवास्तव को प्रभारी सचिव बनाकर आगे की कार्यवाही की गई।

विश्वविद्यालय के समस्त वित्तीय कामकाज में कुलसचिव, वित्त अधिकारी के साथ प्रक्रिया पूरी करते हैं। बैठक में तय हुआ कि अब यह दायित्व अधिष्ठाता छात्र कल्याण निभाएंगी, जो वित्त अधिकारी के साथ मिलकर बैंकिंग और वित्तीय कामकाज संभालेंगी।


अन्य पोस्ट