दुर्ग
सुविधाओं का भी टोटा, सडक़ पर उतरे विद्यार्थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 27 अगस्त। दुर्ग जिले धमधा ब्लॉक अंतर्गत पेंड्रावन स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर विद्यार्थियों का आक्रोश मंगलवार को सडक़ पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों का कहना है कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विषयों का पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर से सीधे मुलाकात करने की मांग पर अड़े रहे।
बताया गया कि विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक करीब 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसके मुकाबले विद्यालय में वर्तमान में केवल तीन शिक्षक और एक प्राचार्य के भरोसे पढ़ाई संचालित होने का दावा विद्यार्थियों ने किया है। छात्रों का कहना है कि उच्च कक्षाओं में विषयवार पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से उन्हें नियमित अध्ययन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों के अनुसार विद्यालय में कम से कम 17 शिक्षकों की आवश्यकता है।
शिक्षक कम, पढ़ाई पर सीधा असर
विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि शिक्षकों की कमी का असर सीधे उनकी पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी पर पड़ रहा है। विशेषकर 9वीं से 12वीं की कक्षाओं में अलग-अलग विषयों के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की जरूरत होती है, लेकिन पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को कई विषयों की पढ़ाई के लिए इंतजार करना पड़ता है। छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई तो आगामी परीक्षाओं में इसका प्रतिकूल असर उनके परिणामों पर पड़ सकता है।
शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा पर भी सवाल
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने विद्यालय में शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय जैसी आवश्यक सुविधा का अभाव विद्यालय की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विद्यार्थियों का कहना है कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
छह घंटे तक सडक़ पर डटे रहे छात्र
समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर छात्र-छात्राएं कई घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि शिक्षकों की कमी दूर करने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्रवाई चाहते हैं। कलेक्टर से मुलाकात की मांग को लेकर विद्यार्थी मौके पर डटे रहे।