दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अगस्त। धमधा क्षेत्र का टेकापार ऐसा गांव है, जहां बीज उत्पादन 24 कृषक कर रहे हैं जबकि तीन साल पहले तक यहाँ एक भी बीज उत्पादक कृषक नहीं था। किसानों की रुचि को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा टेकापार में एनएफएसएनएम योजना के तहत् बीज उत्पादक कृषकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया इसमें लगभग 50 कृषको ने अपनी भागीदारी दी।
कार्यक्रम में सरपंच मीरा बाई निषाद, क्षेत्र के जनपद सदस्य रुखमनी वर्मा की भी भागीदारी रही। कृषि वैज्ञानिक उमेश पटेल द्वारा कृषकों को खरीफ फसलों की सस्य तकनीकी, कीट व्याधि, खरपतवार नियंत्रण, उर्वरक प्रबंधन एवं विभिन्न समसामयिक विषयों पर कृषकों से विस्तृत चर्चा की गई। कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विजय कुमार लहरे द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी सहित जैविक खेती की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया।
विदित हो कि यह ग्राम काफी तेजी से बीज उत्पादन कार्यकम की ओर अग्रसर हो रहा है। प्रशिक्षण में उपस्थित बीज प्रबंधक एस के बेहरा द्वारा बीज उत्पादन कार्यक्रम के विभिन्न प्रशासकीय और तकनीकी पहलुओं से कृषकों को अवगत कराया गया। उनके अनुसार ग्राम टेकापार में खरीफ 2023 में बीज उत्पादक कृषकों की संख्या शून्य थी जो कि रबी 2025-26 में बढक़र 24 थी। क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी श्री विश्वकर्मा के प्रयास से यह सफल हो रहा है। कृषकों द्वारा लगभग 4 घंटे चले इस प्रशिक्षण को लेकर बड़ा उत्साह रहा।