दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 अगस्त। ग्राम जरवाय एवं ग्राम दादर में जमीन खरीदी के मामले में परिवादिनी धोखाधड़ी का शिकार हो गई। आरोपी दिनेश माखीजा ने पूरी जमीन एवं अन्य खर्चो को मिलाकर 2 करोड़ 11 लाख रुपए परिवादिनी से ले लिया परंतु न तो पूरी जमीन का सौदा किया और न ही बाकी रकम वापस करने का प्रयास किया।
इस सौदे में आरोपी ने परिवादिनी से 1 करोड़ 09 लाख 31 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। परेशान होकर परिवादिनी सिस्टर कोलीन मेरी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में परिवाद पेश किया था। सक्षम न्यायालय अभिनव डहरिया न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी भिलाई तीन जिला दुर्ग ने पुरानी भिलाई पुलिस को निर्देश दिया है कि वह गैर आवेदक दिनेश माखीजा निवासी याशिका कलेक्शन जीई रोड बस स्टैंड चरोदा के विरुद्ध एवं इस मामले में अन्य शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 420, 406,34 के तहत एफआईआर दर्ज करें और विधि के अनुसार इसकी जांच करें। सभी दस्तावेजों की जांच के बाद न्यायालय में पंजीकरण की सूचना भी दें।
परिवादिनी सिस्टर कोलीन मेरी 58 वर्ष एफ आई एच प्रोविनसियलेट शिव इन्वलेव, नजफगढ़ नई दिल्ली निवासी है और वर्तमान में ज्योति भवन ज्योति कैंपस, जी ई रोड बीएमआई चरौदा में रहती है। परिवादिनी दी क्रोग्रीगेशन ऑफ़ दी फ्रांसिस्कन सिस्टर्स ऑफ़ द इनेकुलेटर हार्ट आफ मेरी दिल्ली की इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। आरोपी दिनेश माखीजा बीएमआई चरोदा ज्योति स्कूल में ही कार्यरत केनी डनवेल के साथ परिवादिनी सिस्टर कोलीन मेरी के निवास ज्योति भवन जाकर कहा कि जरवाय एवं उससे लगी ग्राम दादर की कृषि भूमि उसे बेचना है क्योंकि उसे रकम की आवश्यकता है। आरोपी दिनेश माखीजा ने बताया कि उसकी जरवाय में 5.40 एकड़ भूमि है जिसकी कीमत 1 करोड़ 36 लाख रुपए होगी ग्राम दादर में 0.52 एकड़ तथा 0.901 की भूमि है जिसकी कीमत 76 लाख रुपए होगी। इस तरह कुल 6, 82 एकड़ भूमि है जिसकी कीमत 2 करोड़ 11 लाख रुपए है। परिवादिनी ने वृद्धा आश्रम बनाने के लिए भूमि दिखाने की बात कही तो आरोपी ने परिवादिनी को आश्वासन देते हुए कहा कि क्यों परेशान होते हो आपके ज्योति स्कूल के केनी डनवेल को मेरे साथ भेज दीजिए मैं उसे पूरी भूमि दिखा दूंगा।
पसंद आने पर उसके सामने ही भूमि का नाप कर दूंगा।
परिवादिनी उसकी बातों पर भरोसा कर लिया। इसके बाद दिनेश माखीजा से कहा कि अग्रिम राशि उसे दे दी जाए। परिवादिनी ने अलग-अलग किस्तों में चेक के माध्यम से करोड़ों रुपए की राशि दे दी थी। 31 अगस्त 2020 को आरोपी परिवादिनी के पक्ष में ग्राम जरवाय की भूमि को एक साथ बेचने के लिए एक करोड़ 25 लाख रुपए में इकरारनामा निष्पादित किया था। परिवादिनी के साथ आरोपी ने कुल जमीन का 2 करोड़ 11 लाख रुपए में सौदा तय किया था। बाद में आरोपी ने कम जमीन की ही रजिस्ट्री कराई वहीं सीमांकन में भी जमीन कम मिली। जब परिवादिनी ने पूरी भूमि रजिस्ट्री कराने या रकम वापस करने कहा तो आरोपी मुकर गया था।