दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 अगस्त। कार से एक्सीडेंट करने की बात कहते हुए अज्ञात आरोपियों ने आरक्षक के साथ जान से मारने की धमकी देकर गाली गलौज करते हुए हाथ मुक्के व लाठी डंडे से मारपीट किए। इससे प्रार्थी को चोटें आई। प्रार्थी की शिकायत पर अंजोरा चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115 (2), 296, 3 (5), 324 (3) 351 (3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मनीष कुमार अग्निहोत्री निवासी शिवाजी नगर तितुरडीह 29 जुलाई तक थाना उतई में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ था जो उतई से स्थानांतरण होने पर 30 जुलाई को रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ हुआ था। थाना उतई में पदस्थापना दौरान 27 जुलाई की रात को उसकी पत्नी का स्वास्थ्य खराब होने से उसके लिए आयुर्वेदिक दवाई लेने सोमनी के पास गांव गया हुआ था। जहां अधिक रात होने से वैध राज के घर के बारे में पता नहीं चलने से अपनी कार सी जी 07 सी आर 6177 से वापस उतई आ रहा था। रात लगभग 2 बजे रसमड़ा हाईवे रोड आर्शीवाद बार के पास पहुंचा था उसी समय रोड पर एक स्कॉर्पियो, एक आई 20 व एक अन्य कार रोड के किनारे खड़ी थी। प्रार्थी की कार के बाजू से ट्रक गुजरने के कारण कार में टकराने जैसी कुछ आवाज हुई यह देखने के लिए प्रार्थी कार को रोका। उसी समय तीन चार लडक़े प्रार्थी के पास आए और और कहा कि यही गाड़ी वाला है जो हमारी कार को ठोका है। यह कहकर गाली गलौज करते हुए मारपीट किए। इस दौरान प्रार्थी ने बताया कि वह दुर्ग पुलिस में है। इसके बाद प्रार्थी अपना मोबाइल निकाल कर फोन करने लगा तो आरोपियों ने उसके मोबाइल को पटक कर तोड़ दिया और मोबाइल को फेंक दिया आरोपियों ने धमकी दी कि जो करना है कर लेना कोई हमारा कुछ नहीं कर सकता। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।