दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 अगस्त। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने स्कूटी से शराब परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 38 पौवा देशी मसाला शराब, कुल 6.840 बल्क लीटर, बरामद की गई। पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी समेत करीब 23 हजार 800 रुपए की सामग्री जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संतरा रंग की स्कूटी क्रमांक सीजी 07 बीजेड 3474 से बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर नयापारा चौक की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर योगेश सारथी (30) को स्कूटी समेत पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे दो थैलों से 19-19 पौवा, कुल 38 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई। शराब की कीमत करीब 3,800 रुपए, जबकि स्कूटी की अनुमानित कीमत 20 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। प्रकरण अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।