दुर्ग
उतई, 31 जुलाई। शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उतई में कारगिल विजय दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के सैनिकों तथा परमवीर चक्र विजेताओं—कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज पांडे, ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव, कैप्टन सौरभ कालिया, फ्लाइट लेफ्टिनेंट नचिकेता, स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा, मेजर राजेश सिंह अधिकारी, मेजर विवेक गुप्ता, मेजर पदमपाणि आचार्य, कर्नल एम.बी. रवींद्रनाथ एवं कैप्टन विजयंत थापा सहित अन्य शहीदों के योगदान का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट आशु कुमारी और निकिता ने विचार व्यक्त किए। वहीं सीमा साहू, आशु, प्राशु और श्वेता सहित अन्य कैडेट्स ने पोस्टर व चित्रों के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्य डॉ. डी. पी. कुर्रे ने कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा का कथन ‘ये दिल मांगे मोर’ और कैप्टन मनोज पांडे का वक्तव्य ‘यदि भारत माता की रक्षा के पूर्व मृत्यु भी आए तो उसे परास्त कर दूंगा’, भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय है। सैनिकों ने 18,000 फीट की ऊंचाई और बर्फ से ढकी पहाडिय़ों पर तैनात रहकर राष्ट्र रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए।
हवलदार कृष्ण बहादुर सुनार (8 सीजी गर्ल्स बटालियन, रायपुर) ने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों ने विजय अभियान की गाथा को अपने खून की स्याही से लिखा है। तोलोलिंग, द्रास और काकसर जैसे क्षेत्रों में वर्ष में 8 से 9 महीने बर्फ ढकी रहती है और तापमान -60 डिग्री तक पहुंच जाता है, जहां जवान पेट्रोलिंग और सर्चिंग करते हैं। सेना के प्रति सम्मान और कर्तव्यों का निर्वहन ही शहीदों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. शुभा शर्मा, डॉ. रीता गुप्ता एवं डॉ. राकेश मिंज ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. अनसूईया जोगी ने तथा आभार प्रदर्शन एनएसएस अधिकारी प्रोफेसर रितेश नायक ने किया।